
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जब मध्य प्रदेश लीग की नीलामी हो रही थी तो टीमें नामी सितारों को चुनने में लगी थी और रीवा जैगुआर्स ने अक्षत रघुवंशी पर दाव लगाया। उस समय किसी ने सोचा नहीं होगा कि यह लीग का सबसे बड़ा खिलाड़ी होने वाला है। अक्षत ने मप्र लीग में अपनी बल्लेबाजी का ऐसा जादू बिखेरा की इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बना दिया।
होलकर स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए मैच में रीवा जैगुआर्स के लिए अक्षत रघुवंशी जबलपुर रॉयल लायंस के खिलाफ केवल 64 गेंदों पर नाबाद 147 रन बनाए। यह मध्य प्रदेश लीग के इतिहास में किसी बल्लेबाज की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है। अपनी पारी में अक्षत ने 10 छक्के और 14 चौके भी लगाए, जिसकी मदद से रीवा जैगुआर्स ने आठ विकेट से बड़ी जीत हासिल की।
मैच के बाद चर्चा करते हुए अक्षत ने कहा- मेरी सोच बहुत सीधी थी। जब तक मैं विकेट पर था, तो चाहता था कि विरोधी टीम दबाव महसूस करें। मैंने किसी रिकॉर्ड के बारे में नहीं सोचा था। मगर मध्य प्रदेश लीग के इतिहास में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने पर मैं वाकई बहुत खुश हूं। मैंने पहले दो सत्रों में भी शतक बनाए थे, इसलिए तीसरे सत्र में एक और बड़ा शतक लगाना इसे और भी खास बनाता है।
अक्षत आईपीएल में लखनऊ फ्रेंचाइजी का हिस्सा थे। वहां के अनुभव के बारे में अक्षत ने कहा- आइपीएल में बहुत सीखने को मिला। वहां केन विलियम्सन जैसे कई दिग्गज खिलाड़ी हमारे साथ थे। उन्होंने बताया कि स्वयं पर भरोसा रखो। जब क्रीज पर रहो तो ज्यादा मत सोचो। ज्यादा सोचने से स्वयं पर दबाव बढ़ता है। मैं गेंद देखकर अपने शाट खेलता हूं। इससे मुझमें बड़ा बदलाव आया है।
मैंने आईपीएल में कई बड़े गेंदबाजों का सामना किया और इससे भी स्वयं पर भरोसा बढ़ा है। अब मैं क्रीज पर जाता हूं तो यह यकीन होता है कि मैं विपक्षी गेंदबाजों से बेहतर हूं। रीवा टीम के बारे में उन्होंने कहा कि यहां ड्रेसिंग रूम का माहौल बहुत अच्छा है। मुझे टीम प्रबंधन ने अपना नैसर्गिक खेल खेलने की अनुमति दी है। हम सभी अपने खेल का आनंद ले रहे हैं।
टीम में मेरे अलावा पृथ्वीराज सिंह तोमर, सागर सोलंकी, अरहम अकील और अथर्व महाजन जैसे कई अन्य आक्रामक बल्लेबाज हैं। इससे भी मुझे बेखौफ होकर खेलने की आजादी मिलती है। मुझे पता होता है कि यदि मैं जल्दी आउट भी हो गया तो मेरे बाद कई बल्लेबाज हैं जो पारी संभाल लेंगे। टीम के मैनेजर राजूसिंह चौहान ने बताया कि अक्षत बहुत परिपक्व खिलाड़ी हैं। उन्हें पता है कि किस परिस्थिति में कैसे बल्लेबाजी करना हैं।
उनकी उपस्थित से अन्य बल्लेबाजों को भी मदद मिलती है। अक्षत आक्रामक शाट खेलते हुए साथी बल्लेबाज पर से दबाव कम कर देते है। हमने नैसर्गिक खेल खेलने की अनुमति दी है। हम जानते हैं कि जिस दिन भी उनका बल्ला चलेगा, वे अकेले मैच का परिणाम बदलने में सक्षम हैं।
आज के मैच में भी उन्होंने ऐसा ही खेल दिखाया। उनकी पारी में सभी तरह के शाट शामिल थे और मैदान के चारों ओर रन बनाए। जब कोई ऐसी बल्लेबाजी करता है तो गेंदबाजों के पास करने के लिए कुछ खास नहीं होता।