
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। रीवा जैगुआर्स के अक्षत रघुवंशी के बल्ले ने मप्र लीग में मंगलवार को कीर्तिमानों की बारिश कर दी। इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया। उन्होंने जबलपुर रॉयल लायंस के खिलाफ सिर्फ 64 गेंदों पर 10 छक्के और 14 चौके की मदद से नाबाद 147 रन बनाए।
मैच में रीवा जगुअर्स ने आठ विकेट से बड़ी जीत दर्ज की। मैच में जबलपुर रॉयल लायंस टीम ने आठ विकेट पर 218 रन बनाए। जवाब में रीवा जैगुआर्स टीम ने 16.3 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। नईदुनिया मप्र लीग का मीडिया पार्टनर है। होलकर स्टेडियम में लक्ष्य का पीछा करते हुए रीवा जैगुआर्स ने कप्तान पृथ्वीराज तोमर आठ गेंदों पर 20 रन बनाकर पवैलियन लौट गए।
अक्षत रघुवंशी और अरहम अकील ने आक्रामक खेल दिखाते हुए पावरप्ले के दौरान कोई नुकसान नहीं होने दिया और छह ओवर के बाद जैगुआर्स का स्कोर 83 रनों तक पहुंचा दिया। रघुवंशी ने 11वें ओवर में ही अपना शतक पूरा करते हुए इरादे जता दिए। अक्षत और अरहम की जोड़ी ने दूसरे विकेट के लिए 171 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। इनमें अकील का योगदान 36 रनों का रहा।
अकील के आउट होने ने बाद भी अक्षत की रनगति धीमी नहीं हुई और उन्होंने टीम को करीब चार ओवर पहले लक्ष्य तक पहुंचा दिया। इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए जबलपुर रॉयल लायंस ने राहुल बाथम और ऋतिक टाडा की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। हालांकि लायंस की शुरुआत कमजोर रही थी व एक समय टीम ने 56 रनों के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए थे।
ओपनर अजय रोहेरा ने 32 गेंदों पर 49 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। उनके आउट होने के बाद राहुल बाथम और रितिक टाडा छठे विकेट के लिए 99 रनों की अहम साझेदारी कर अपनी टीम को मैच में लौटाया।
बाथम ने 33 गेंदों पर 66 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें पांच छक्के, चार चौके शामिल थे। टाडा सिर्फ 30 गेंदों पर 67 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी पारी में पांच छक्के, छह चौके शामिल थे, जिससे लायंस का स्कोर 200 रनों के पार पहुंच गया।
यह भी पढ़ें : MPL 2026: मध्य प्रदेश लीग के सबसे मूल्यवान खिलाड़ी बनकर उभरे अक्षत रघुवंशी