
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश लीग में जब सभी फ्रेंचाइजी टीमें बड़े नामों पर दाव लगा रही थीं, तब रीवा जैगुआर्स ने काम वाले चेहरों पर भरोसा जताया। कुछ लोगों को हैरान भी हुई, लेकिन जब लीग शुरू हुई तो इन्हीं गुमनाम से खिलाड़ियों ने मैदान में अपने खेल का ऐसा शोर मचाया कि सभी देखते रह गए।
रीवा जैगुआर्स अपने सात में से पांच मैच जीतकर तालिका में दूसरे पायदान पर है। टीम के प्रमुख आलोक बिरला की तीन पीढ़ियां क्रिकेटर रही हैं। वे स्वयं सतना से खेला करते थे जबकि बेटा उदित मध्य प्रदेश रणजी टीम से लंबे समय तक खेला है।
पिता स्व. ओमप्रकाश बिरला भी रीवा के क्रिकेटर रह चुके हैं। टीम में किसी नामी खिलाड़ी को न लेने के सवाल पर उन्होंने कहा- जब लीग शुरू हो रही थी तो लीग के प्रमुख महानआर्यमन सिंधिया का उद्देश्य था कि हमें प्रदेश की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच दिलाना है।
हमारा परिवार भी क्रिकेटर रहा है और हम भी यही चाहते थे कि प्रदेश के क्रिकेट के विकास में योगदान दें। इसलिए हमने स्थानीय प्रतिभाशाली खिलाड़ी चुने। वे दार्शनिक अंदाज में कहते हैं काम से ही नाम होता है। टीम बैठक के दौरान मैंने सभी खिलाड़ियों से कहा था कि जीत और हार से हमें खास प्रभाव नहीं पड़ेगा। मगर यदि आप अच्छा खेलते हैं तो आपका नाम होगा।
लोग पैसे के पीछे भागते हैं, लेकिन यदि आप सफलता के पीछे भागेंगे तो पैसा और शोहरत दोनों मिलेंगे। अच्छे प्रदर्शन से आपके लिए आगे के रास्ते बनेंगे। युवा क्रिकेटरों को आगे बढ़ना है, इसलिए उनमें बेहतर प्रदर्शन की भूख है। सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में रीवा जैगुआर्स के अक्षत रघुवंशी दूसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने सात मैचों में 62.17 के औसत से 373 रन बनाए हैं।
इसमें एक धमाकेदार शतक भी शामिल है। उन्होंने शतकीय पारी में 147 रन बनाए थे, जो लीग का सबसे बड़ा स्कोर है। दूसरे नंबर पर अजय रोहेरा हैं, जिन्होंने 130 रनों की पारी खेली थी। वहीं लीग की एकमात्र हैटट्रिक भी इसी टीम के युवा गेंदबाज नवीन सिंह चौहान ने ली है।
मध्य प्रदेश के जरूरतमंद खिलाड़ियों को नौकरी भी दी जा रही है। जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुरक्षित हो और वे करियर पर ध्यान दे सकें। टीम के प्रबंधक राजू सिंह चौहान ने बताया कि टीम प्रबंधन बैठक में अपने विचार साझा करता है, इसके बाद मैच में कोच और कप्तान फैसले लेते हैं।
सभी खिलाड़ी अपनी जिम्मेदारियों और अपेक्षाओं से परिचित हैं। हम जानते हैं कि कोई भी खिलाड़ी हर मैच में रन या विकेट नहीं ले सकता। इसलिए उन्हें अपना नैसर्गिक खेल खेलने की अनुमति दी है। इसका फायदा टीम को मिल रहा है।
यह भी पढ़ें : MPL 2026: रॉयल निमाड़ ईगल्स ने किया जबलपुर रॉयल लायंस का शिकार, सात विकेट हासिल की जीत