
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। आगरा में 6 से 11 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली रेडिएंट वर्ल्ड पैरा क्रिकेट लीग 2026 में सतना के तीन दिव्यांग क्रिकेटरों का चयन हुआ है। ब्रजेश द्विवेदी, संजय कुमार साकेत और दिनेश रामदीन सिंह लीग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता में भारत के 22 राज्यों के अलावा श्रीलंका, नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात के करीब 80 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। छह टीमों के बीच मुकाबले जेबी क्रिकेट ग्राउंड, बमरौली कटारा, आगरा में खेले जाएंगे।
सतना के ब्रजेश द्विवेदी को मुंबई मेवरिक्स का कप्तान बनाया गया है। पोलियो के कारण बचपन से शारीरिक चुनौती का सामना करने वाले ब्रजेश ने वर्ष 1999 में क्रिकेट खेलना शुरू किया था। लगातार मेहनत के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई।
वर्ष 2023 में भारत-नेपाल दिव्यांग टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा रहे ब्रजेश शारजाह में आयोजित दिव्यांग प्रीमियर लीग में मुंबई आइडल्स की कप्तानी भी कर चुके हैं।
ब्रजेश वर्तमान में आईआईटी इंदौर में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं। वर्ष 2019 से वे मध्य प्रदेश में दिव्यांग खिलाड़ियों को तलाशने, उन्हें क्रिकेट से जोड़ने और आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। उनके प्रयासों से कई खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।
संजय कुमार साकेत का चयन राजस्थान टीम में ऑलराउंडर के रूप में हुआ है। हाल ही में पटना में आयोजित राष्ट्रीय दिव्यांग ट्रॉफी में उन्होंने मध्य प्रदेश की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए संजय ने 46 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और लक्की कराडिया के साथ 146 रन की साझेदारी की। इस प्रदर्शन ने मध्य प्रदेश को प्रतियोगिता में मजबूत स्थिति दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
दिनेश रामदीन सिंह का चयन मुंबई मेवरिक्स में विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में हुआ है। विकेटकीपिंग के साथ बल्लेबाजी में योगदान देने की क्षमता के चलते उन्हें मजबूत टीम में जगह मिली है। आगरा की लीग उनके लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलने तथा बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगी।
मध्य प्रदेश से कुल सात खिलाड़ी इस लीग में हिस्सा ले रहे हैं। सतना के तीन खिलाड़ियों के अलावा श्याम चकवा, मुकम्मिल, माखन सिंह राजपूत और लक्की कराडिया भी अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे। सतना के तीनों खिलाड़ियों के चयन से जिले के दिव्यांग क्रिकेटरों में उत्साह है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में मूक-बधिर दिव्यांगों के लिए छह माह का सांकेतिक भाषा पाठ्यक्रम शुरू