Asian Games 2026: क्रिकेटर बनने निकले थे मध्य प्रदेश के जय मीणा, सॉफ्ट टेनिस में कांस्य पदक जीतकर रच दिया इतिहास
मध्य प्रदेश राज्य के देवास के सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी जय मीणा ने एशियन गेम्स ने कांस्य पदक जीता है। उनकी उपलब्धि से देश-प्रदेश के साथ देवास का मान भी बढ़ा ह...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 23 Sep 2026 01:41:50 PM (IST)Updated Date: Wed, 23 Sep 2026 01:46:45 PM (IST)
जय मीणा, फाइल फोटोHighLights
- सॉफ्ट टेनिस में जय मीणा ने जीता कांस्य पदक
- क्रिकेटर बनना चाहते थे देवास के जय मीणा
- भारत को दिलाया सॉफ्ट टेनिस में पहला पदक
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। मध्य प्रदेश राज्य के देवास के सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी जय मीणा ने एशियन गेम्स ने कांस्य पदक जीता है। उनकी उपलब्धि से देश-प्रदेश के साथ देवास का मान भी बढ़ा है। जय मीणा देवास के पायोनियर पब्लिक स्कूल में सॉफ्ट टेनिस कोच व विश्वामित्र अवार्डी सुदेश सांगते से खेल की बारीकियां सीख रहे हैं।
जय मीणा का सॉफ्ट टेनिस से जुड़ाव भी काफी दिलचस्प रहा। पायोनियर पब्लिक स्कूल, देवास में पढ़ाई के दौरान उन्होंने पहली बार सॉफ्ट टेनिस का कोर्ट देखा। शुरुआत में वे केवल खेल देखने के लिए वहां रुकते थे और बाद में खिलाड़ियों के लिए बॉल बॉय की भूमिका निभाने लगे।
क्रिकेटर बनते-बनते बन गए टेनिस खिलाड़ी
उनका सपना क्रिकेटर बनने का था लेकिन धीरे-धीरे इस खेल के प्रति उनकी रुचि बढ़ी और उन्होंने खुद रैकेट थाम लिया। इसके बाद स्कूल और जिला स्तर से शुरू हुआ सफर राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचा। महज 14 वर्ष की उम्र में जय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने लगे थे।
कई पदक जीत चुके हैं जय मीणा
जय मीणा ने गुजरात में आयोजित 36वें नेशनल गेम्स में पुरुष एकल का स्वर्ण पदक जीता। टीम और डबल्स स्पर्धाओं में भी मध्यप्रदेश के लिए पदक हासिल किए। साल 2024 में आद्या तिवारी के साथ वर्ल्ड सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप के मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक जीता।
यह इस प्रतियोगिता में भारत का पहला पदक था। वर्ष 2025 की एशियन सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में भी जय ने पुरुष एकल में कांस्य पदक हासिल कर इतिहास रचा। हाल ही में जापान के नागोया में पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में फिलीपींस के खिलाड़ी को हराया। इस जीत के साथ सॉफ्ट टेनिस में भारत का एशियन गेम्स का पहला पदक सुनिश्चित हो गया।