
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर के जयेश आचार्य और रिंकू आचार्य के मार्गदर्शन में भारतीय पैरा टेबल टेनिस ने वर्ल्ड पैरा फ्युचर टेबल टेनिस चैंपियनशिप में छह स्वर्ण पदकों सहित कुल 16 पदक हासिल किए। भारतीय पैरा खिलाड़ियों का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारतीय टीम के दल प्रमुख भी इंदौर के ओम सोनी थे।
पैरा टेबल टेनिस प्रमोशन एसोसिएशन के महासचिव प्रमोद गंगराडे ने बताया कि यह चैंपियनशिप लाहटी (फिनलैंड) के ओलिंपिक ट्रेनिंग सेंटर में 28 से 30 अगस्त तक खेली गई। भारतीय टीम के साथ इंदौर के पवन कारपेंटर फिजियोथेरेपिस्ट थे जबकि जबलपुर के कल्पेश ठक्कर प्रशिक्षक तथा श्रुति सोनी ने भी फिजियोथेरेपिस्ट की भूमिका निभाई।
पुरूष एकल वर्ग के अंतिम मुकाबलों में क्लास-2 के एचएम जगन्नाथ ने ऑस्ट्रिया के पाउगर डी को, क्लास 9-10 में हितेश डोलवानी ने फ्रांस के सिगोलोट्टी को, महिला एकल वर्ग में क्लास 2-5 में विजया दीपिका ने भारत की ही सोनल पटेल को और क्लास 9-10 में नतानिया जियान ने हमवतन बेबी सहाना को मात देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया। इसके साथ ही नूरजहां जमानी, सोनल पटेल तथा बेबी सहाना ने महिला एकल वर्ग में खिताबी मुकाबलों में पराजित होकर रजत पदक जीते।
जेडी मदान, शुभम वाधवा तथा ए. सविता ने कांस्य पदक हासिल किए। पुरूष युगल मुकाबलों में रमेश चौधरी और सुमित सहगल की जोड़ी ने दक्षिण अफ्रीका के इब्राहिम और अब्दुल रहमान की जोड़ी को पराजित कर स्वर्ण पदक जीता।
सुमित ने दीपिका रानी को साथ लेकर मिश्रित युगल के खिताबी मुकाबले में फिनलैंड के कसावेई और आईनों तापोला की जोड़ी को शिकस्त देकर स्पर्ण पदक प्राप्त कर दोहरी सफलता अर्जित की। भारतीय जोड़ी सोनल पटेल और रमेश चौधरी ने मिश्रित युगल में रजत प्राप्त किया।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ की बेटियों का कमाल, थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीते 6 गोल्ड समेत 7 मेडल, रायपुर में होगा भव्य स्वागत