इंदौर में विश्व स्नूकर चैंपियनशिप खेलने आएगी पाकिस्तान की टीम, सरकार ने वीजा अनुमति दी
भारत और पाकिस्तान के बीच सीमाओं पर तनाव ने खेल संबंधों को भी प्रभावित किया है। दोनों देशों की क्रिकेट टीमें सालों से एक-दूसरे के घर खेलने नहीं गई हैं। मगर अब पाकिस्तान की टीम इंदौर में अपने खेल का कमाल दिखाने आ रही है।
Publish Date: Sun, 08 Nov 2026 12:37:20 PM (IST)Updated Date: Sun, 08 Nov 2026 12:37:20 PM (IST)
पाकिस्तान टीम आएगी इंदौर। -एआई इमेजHighLights
- 12 नवंबर से यशवंत क्लब में प्रारंभ होगी विश्व स्नूकर चैंपियनशिप
- 38 लाख रुपये के करीब है स्पर्धा की कुल पुरस्कार राशि
- 12 टेबलों पर खेले जाएंगे विश्व चैंपियनशिप के मुकाबले
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : भारत और पाकिस्तान के बीच सीमाओं पर तनाव ने खेल संबंधों को भी प्रभावित किया है। दोनों देशों की क्रिकेट टीमें सालों से एक-दूसरे के घर खेलने नहीं गई हैं। मगर अब पाकिस्तान की टीम इंदौर में अपने खेल का कमाल दिखाने आ रही है।
शहर में 12 से 21 नवंबर तक होने वाली वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान ने अपनी टीम भेजने का प्रस्ताव दिया है। केंद्र सरकार ने भी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को वीजा अनुमति दे दी है।
पाकिस्तान के आग्रह पर सरकार ने वीजा अनुमति दी है
बिलियर्ड्स एंड स्नूकर फेडरेशन आफ इंडिया (बीएसएफआई) के सचिव सुनील बजाज ने बताया कि भारत सरकार की खेल नीति बड़ी उदार है। पाकिस्तान के आग्रह पर सरकार ने वीजा अनुमति दी है। पाकिस्तान से भारत के लिए सीधी फ्लाइट नहीं है। ऐसे में पड़ोसी देश के खिलाड़ी किसी अन्य देश से होते हुए भारत आएंगे। पाकिस्तान टीम में सभी पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं, जो इंदौर में आकर खेलेंगे।
दुनिया में स्नूकर का यह सबसे बड़ा टूर्नामेंट है
उन्होंने बताया कि दुनिया में स्नूकर का यह सबसे बड़ा टूर्नामेंट है, जो स्थानीय यशवंत क्लब में खेला जाएगा। प्रतियोगिता में 30 से अधिक देशों के लगभग 150 से ज्यादा चुने हुए महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग लेंगे। इनमें पाकिस्तान के अलावा अमेरिका, चीन, इंग्लैंड, बांग्लादेश आदि देश शामिल हैं।
चैंपियनशिप का कुल व्यय पांच करोड़ रुपये के करीब होगा
पहले करीब 50 देशों ने स्पर्धा में शामिल होने की सहमति दी थी, लेकिन दुनिया के अलग-अलग देशों में हो रहे युद्ध के चलते योरप और मध्य-पूर्व के कुछ देश हिस्सा नहीं ले रहे हैं। स्पर्धा की कुल पुरस्कार राशि करीब 38 लाख रुपये है, जबकि चैंपियनशिप का कुल व्यय पांच करोड़ रुपये के करीब होगा।