
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर शहर में राष्ट्रीय तैराकी व गोताखोरी चैंपियनशिप होना है। आयोजन के लिए शासन द्वारा वर्ल्ड कप चौराहा पर निर्मित अंतरराष्ट्रीय स्तर का तैराकी स्टेडियम है। निर्माण के दौरान प्रचारित किया गया था कि यहां से ओलिंपिक स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाएं होंगी।
तरणताल को संचालन के नाम पर निजी हाथों में सौंपने के बाद अब न तो खिलाड़ियों की सुध ली जा रही है और न ही स्पर्धाएं ही हो पा रही हैं। राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए लाखों रुपये के शुल्क की मांग की गई है। जिम्मेदार अधिकारियों की बेरुखी से संभावना है कि राष्ट्रीय स्तर का यह प्रतिष्ठित आयोजन इंदौर से छिन जाए।
स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) द्वारा इंदौर को 42वीं सब-जूनियर एवं 52वीं जूनियर नेशनल एक्वाटिक चैंपियनशिप-2026 (वाटर पोलो एवं डाइविंग) की मेजबानी सौंपी गई है।
स्पर्धा का आयोजन सात से 12 सितंबर तक होना है। प्रतियोगिता में डाइविंग एवं वाटर पोलो की स्पर्धाएं भी आयोजित होंगी। वाटर पोलो स्पर्धा के लिए प्रत्येक टीम में 15 खिलाड़ी शामिल होते हैं। प्रतियोगिता में देशभर से वाटर पोलो की टीमें आ रही हैं। इस तरह पानी में होने वाले विभिन्न खेलों की स्पर्धाएं एक साथ इंदौर में आयोजित होंगी। इसमें बड़ी संख्या में देशभर से खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ भी हिस्सा लेने शहर आएंगे।
यह स्पर्धा शहर के खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित करेगी। साथ ही इंदौर और मध्य प्रदेश का नाम राष्ट्रीय मानचित्र पर उभरेगा। इस प्रतिष्ठित आयोजन में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। मगर बड़ी चिंता स्पर्धा आयोजन कराने की है। इंदौर में वर्ल्ड कप चौराहा पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का तैराकी स्टेडियम बनाया गया है।
करीब साढ़े तीन एकड़ क्षेत्र में बना यह स्विमिंग पूल अब संचालन के लिए निजी हाथों में सौंप दिया गया है, जिनके लिए यह कमाई का जरिया है। महंगे शुल्क के चलते यहां से खिलाड़ी दूर हो चुके हैं और धनाढ्य वर्ग के लिए यह सुविधा का केंद्र जरूर बन गया। यहां 10 लेन का स्विमिंग पूल, डाइविंग पूल सहित एक छोटा पूल भी है। करीब डेढ़ हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है।
यह भी पढ़ें- Indore News: कुएं-बावड़ी वाले शहर ने देश को दिए अंतरराष्ट्रीय तैराक
यह स्पर्धा इंदौर के लिए सम्मान की बात है, क्योंकि देशभर के खिलाड़ी हिस्सा लेने आ रहे हैं। यह स्पर्धा इंदौर के लिए बड़ी उपलब्धि है। यदि शासकीय स्विमिंग पूल में भी खेल गतिविधियों के लिए सुविधा नहीं मिलेगी तो खिलाड़ी कहां जाएंगे। हमारा आग्रह है कि शहर और खेल हित में स्विमिंग पूल निश्शुल्क उपलब्ध कराया जाए। जिससे देशभर से आने वाले खिलाड़ी बेहतर अनुभव लेकर लौटें। - गौरव द्विवेदी, (इंदौर जिला तैराकी संघ के सचिव)
हमने संचालन के लिए स्विमिंग पूल को एजेंसी को दिया है। वह इसके लिए शुल्क लेते हैं। हमारे नियमों में निश्शुल्क देने का कोई प्रविधान नहीं है। यह शासकीय आयोजन नहीं है। फिर भी प्रयास करेंगे कि जिला प्रशासन से कुछ सहयोग प्राप्त हो सके। - डॉ. परीक्षित झाड़े (सीईओ, आईडीए)