नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। इंदौर-2 विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रमेश मेंदोला मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ एमपीओए के पुन: अगले चार सालों के लिए अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। जबकि जबलपुर के दिग्विजय सिंह सचिव बने रहेंगे। महज डेढ़ घंटे चली वार्षिक सामान्य सभा की बैठक में पदाधिकारियों के नामों पर मुहर सर्वसम्मति से लगी।
निर्विरोध चुने गए रमेश मेंदोला पांचवीं बार और दिग्विजय सिंह चौथी बार सचिव की कुर्सी संभालने जा रहे हैं। महत्वपूर्ण है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव अब एमपीओए के संरक्षक होंगे। वे पूर्व में उपाध्यक्ष का पद संभाल रहे थे। जबकि कोषाध्यक्ष की कुर्सी जीतू जिराती के पास ही है। नईदुनिया ने पूर्व में अध्यक्ष व सचिव सहित पदाधिकारियों के नामों पर एक राय से निर्णय के साथ निर्विरोध चुनाव का समाचार प्रकाशित किया था।
इससे पहले एमपीओए की वार्षिक सामान्य सभा की बैठक नगर में सोमवार को सुबह एक निजी होटल में आयोजित की गई। जिसमें सबसे पहले पिछले एजेंडे पर चर्चा हुई और इसके बार पदाधिकारियों के नामों का एलान सदन की राय से हुआ। एमपीओए की पूरी कार्यकारिणी भी रिपीट हैं। इसमें कोई खास बदलाव नहीं किए गए हैं। इसमें वर्तमान अध्यक्ष रमेश मेंदोला, सचिव दिग्विजय सिंह सहित 29 सदस्यीय शीर्ष पदाधिकारियों के नामों पर एक राय बनी।
एमपीओए की एजीएम में अगले चार सालों के लिए शीर्ष पदों के लिए सर्वसम्मति से पदाधिकारियों के नामों पर मुहर लगी। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की ओर से पर्यवेक्षक नामदेव एस. श्रीगांवकर और चुनाव अधिकारी एचपी सिंह (सेवानिवृत न्यायाधीश मप्र हाई कोटे) की मौजूदगी में चुनावी बैठक आयोजित की गई। इसमें करीब 33 मप्र राज्य खेल संघों और 14 जिला ओलंपिक संघ के 80 से अधिक पदाधिकारी उपस्थित थे।
चुनावी बैठक में एमपीओए के अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष सहित 29 पदाधिकारी नाम फाइनल हुए। इनमें 9 उपाध्यक्ष, 6 संयुक्त सचिव व अन्य कार्यकारिणी सदस्य शामिल हैं। सर्वसम्मति से इनके नामों की घोषणा विचार-विमर्श के बाद एलान हुआ है।