_202488_71417_m.webp)
एजेंसी, नई दिल्ली (Vinesh Phogat Retirement)। विनेश फोगाट ने ओलंपिक से अयोग्य घोषित किए जाने के कुछ घंटों बाद ही कुश्ती से संन्यास का एलान कर दिया है। विनेश ने एक्स पोस्ट के जरिए यह घोषणा की। इस बीच, पेरिस ओलंपिक 2024 के 50 किलो भार वर्ग कुश्ती मुकाबले में फाइनल में पहुंचने पर विनेश को सिल्वर मेडल मिलेगा या नहीं, इस पर खेल पंचाट यानी कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट्स (सीएएस) का फैसला आज होगा।
विनेश ने एक्स पर लिखा- मां, कुश्ती मेरे से जीत गई, मैं हार गई। माफ करना। आपका सपना, मेरी हिम्मत सब टूट चुके। इससे ज्यादा ताकत नहीं रही अब। अलविदा कुश्ती 2001-2024। आप सबकी हमेशा ऋणी रहूंगी।
इस बीच, विनेश फोगाट के मुद्दे पर राज्यसभा में भी हंगामा हुआ। विपक्ष ने सरकार से इस मुद्दे पर दखल की मांग की और सदन से वॉकआउट कर दिया। हंगामे के बीच, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि सभी को अपनी भावनाओं को नियंत्रण रखना चाहिए। राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ ने विपक्ष के हंगामे पर नाराजगी जताई।
विनेश फोगाट ने अयोग्यता के खिलाफ कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट्स (सीएएस) में अपील की है। विनेश ने सेमीफाइनल मुकाबला 5-0 के अंतर से जीता था और ओलंपिक में फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनी थीं।
विनेश फोगाट और भारत की ओर से सीएएस में की गई अपील में कहा गया है कि उन्हें सिल्वर मेडल दिया जाए। CAS ने अपना अंतिम फैसला देने के लिए गुरुवार, 8 अगस्त की सुबह तक का समय मांगा है। यदि सीएएस का फैसला विनेश के पक्ष में आता है, तो आईओसी को विनेश को रजत पदक देना होगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विनेश फोगाट पर बड़ा फैसला लिया है। इसके अनुसार, विनेश फोगाट को ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ी को मिलने वाला सम्मान, ईनाम और सुविधाएं दी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा, हमारे लिए विनेश फोगाट एक चैंपियन हैं और उन पर पूरे भारत को गर्व है।