
टेक्नोलॉजी डेस्क। भारत की सरकारी दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने नए ग्राहकों के लिए अपने बहुचर्चित 1 रुपये वाले प्रीपेड ऑफर की अवधि बढ़ाने की घोषणा की है। मार्केट में लंबे समय से उपलब्ध यह 'फ्रीडम 2.0' (Freedom 2.0) ऑफर अब नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। हालांकि, कंपनी ने इसके प्लान स्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव किया है पहले जहां 1 रुपये में 30 दिनों की सर्विस वैलिडिटी दी जाती थी, वहीं अब इसे घटाकर 24 दिन कर दिया गया है।
बीएसएनएल का यह 1 रुपये वाला विशेष प्रीपेड प्लान अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग सुविधा के साथ आता है। इसके अलावा इसमें प्रतिदिन 1GB डेटा और 100 मुफ़्त SMS का लाभ भी मिलता है।
यह ऑफर अब 9 नवंबर 2026 तक लागू रहेगा। इसका लाभ उठाने के लिए ग्राहक अपने निकटतम बीएसएनएल ग्राहक सेवा केंद्र या अधिकृत रिटेलर से संपर्क कर सकते हैं।
किसके लिए है यह प्लान? यह योजना केवल उन नए ग्राहकों के लिए लागू होगी जो नया बीएसएनएल सिम कार्ड खरीद रहे हैं। एक बार नया सिम एक्टिवेट होने के बाद यह ऑफर दोबारा उसी नंबर या यूजर को नहीं मिलेगा।
1 रुपये वाले प्लान के विस्तार के साथ ही, केंद्र सरकार ने बीएसएनएल के अंतरिम अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) रॉबर्ट जे. रवि का कार्यकाल भी अगले तीन महीनों के लिए बढ़ा दिया है। लगातार एक्सटेंशन प्राप्त कर रहे रॉबर्ट के कार्यकाल में बीएसएनएल ने तकनीकी और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में कई उपलब्धियां हासिल की हैं।
कंपनी ने पूर्ण रूप से स्वदेशी 4G तकनीक का उपयोग करते हुए देशभर में 1 लाख से अधिक 4G मोबाइल टावर (साइट्स) सफलतापूर्वक चालू कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- कहीं नकली WhatsApp तो नहीं चला रहे आप? 5 लाख लोग कर चुके हैं डाउनलोड्स, तुरंत चेक करें अपना फोन
प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियों (जियो, एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया) की तुलना में बीएसएनएल फिलहाल भारतीय बाजार में सबसे किफायती प्रीपेड प्लान्स उपलब्ध करा रहा है। यद्यपि इसका प्रति यूजर औसत राजस्व (ARPU) उद्योग में सबसे कम है, लेकिन नए ग्राहक जुड़ने की रफ्तार में लगातार इजाफा हो रहा है।
4G नेटवर्क के विस्तार और किफायती पोर्टफोलियो के बल पर बीएसएनएल लगातार नए 4G सब्सक्राइबर्स जोड़ रहा है, जिससे आने वाले समय में कंपनी की वित्तीय स्थिति और रेवेन्यू में मजबूत सुधार देखने को मिल सकता है।