
टेक्नोलॉजी डेस्क। इंस्टेंट मैसेजिंग के लिए दुनियाभर में मशहूर वॉट्सऐप (WhatsApp) भारत सहित कई देशों में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाने वाला प्लेटफॉर्म है। 180 से अधिक देशों में करीब 2 अरब से ज्यादा यूजर्स इस ऐप के जरिए मैसेजिंग और कॉलिंग की सुविधा का लाभ उठाते हैं।
आमतौर पर एंड्रॉयड यूजर्स ऐप डाउनलोड करने के लिए गूगल प्ले स्टोर (Google Play Store) को सबसे सुरक्षित जरिया मानते हैं, लेकिन हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट ने करोड़ों यूजर्स की चिंता बढ़ा दी है। प्ले स्टोर पर बिल्कुल असली वॉट्सऐप जैसा दिखने वाला एक फर्जी (क्लोन) ऐप लाइव पाया गया है, जिसे अब तक 5 लाख से भी अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है।
'एंड्रॉयड अथॉरिटी' (Android Authority) की रिपोर्ट के अनुसार, इस फर्जी वॉट्सऐप ऐप का खुलासा तब हुआ जब हाल ही में प्ले स्टोर पर 1 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स जुटाने वाले फर्जी 'गूगल क्रोम' ऐप का मामला सामने आया था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर '2ne1cheese' नामक यूजर ने इस डुप्लीकेट वॉट्सऐप की पहचान की।
करीब 42MB साइज वाले इस ऐप को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और डाउनलोड कराने के लिए डेवलपर ने प्ले स्टोर पर इसे 'Sponsored' (प्रायोजित) कंटेंट के रूप में बूस्ट किया था, जिससे सर्च करने पर यह उपयोगकर्ताओं को आसानी से दिखाई दे रहा था।
सुरक्षा जांच में सामने आया कि जहां असली वॉट्सऐप का डेवलपर नाम 'WhatsApp LLC' दर्ज है, वहीं इस क्लोन ऐप को 'Agment Assets sallu' नाम के पब्लिशर ने अपलोड किया है। ठगी को अंजाम देने के लिए जालसाजों ने असली वॉट्सऐप के आधिकारिक विवरण (Description Text) को ही कॉपी किया, जिसमें केवल कुछ वाक्यों और स्पेसिंग में थोड़ा बदलाव किया गया।
हालांकि, इस फर्जी लिस्टिंग में सेवा की शर्तें (Terms of Service) और आधिकारिक लिंक जैसे महत्वपूर्ण खंड गायब पाए गए। इसके अलावा ऐप के स्क्रीनशॉट्स और विज्ञापनों की तस्वीरें भी हुबहू कॉपी की गई थीं।
दावा किया जा रहा है कि यह फर्जी ऐप सितंबर महीने से ही प्ले स्टोर पर मौजूद है। यूजर्स इसके बारे में नकारात्मक समीक्षा (Reviews) या रेटिंग न दे सकें, इसके लिए डेवलपर ने गूगल प्ले स्टोर के 'अर्ली एक्सेस' (Early Access) फीचर का गलत फायदा उठाया, जिससे ऐप लिस्टिंग में रेटिंग छिपी रही।
हालांकि, राहत की बात यह है कि जब साधारण रूप से 'WhatsApp Messenger' सर्च किया जाता है, तो यह फर्जी ऐप शीर्ष परिणामों में दिखाई नहीं देता।
यह भी पढ़ें- Jio का धमाकेदार ऑफर... 10 साल पूरे होने पर निकाला फ्रीडम पैक, अनलिमिटेड इंटरनेट के साथ मिलेंगे 13+ OTT एप्स
भले ही इस ऐप के 'डेटा सेफ्टी' सेक्शन में डेवलपर ने दावा किया है कि वह कोई डेटा इकट्ठा या साझा नहीं करता, फिर भी साइबर विशेषज्ञों ने यूजर्स को बेहद सावधान रहने की सलाह दी है।
स्मार्टफोन इस्तेमालकर्ताओं को केवल 'WhatsApp LLC' द्वारा ही जारी किए गए आधिकारिक वॉट्सऐप मैसेंजर ऐप को डाउनलोड व इंस्टॉल करना चाहिए। यदि आपके फोन में डाउनलोड किए गए वॉट्सऐप की प्ले स्टोर डिटेल में किसी अन्य डेवलपर का नाम दिख रहा है, तो उस ऐप को तुरंत अनइंस्टॉल कर दें।