एजेंसी, नई दिल्ली (Shubhanshu Shukla Axiom-4 Mission)। विभिन्न कारणों से कई बार टलने के बाद आखिरकार बहुप्रतीक्षित Axiom 4 मिशन बुधवार को लांच हो गया। इसी में सवार होकर शुभांशु शुक्ला और 3 अन्य अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की तरफ जा रहे हैं।
भारतीय समयानुसार 25 जून को दोपहर करीब 12.01 बजे यह मिशन लांच हुआ। एक्सिओम-4, इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन और नासा अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर मिशन के लॉन्च के बारे में लाइव अपडेट दे रहे हैं। एक्सिओम-4 के साथ-साथ नासा के यूट्यूब चैनल पर भी लाइव स्ट्रीमिंग देखी जा सकती है।
Axiom- 4 के सफल लॉन्चिंग के बाद ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अपने देश के नाम विशेष संदेश दिया। उन्होंने कहा, नमस्कार, मेरे प्यारे देशवासियों। हम 41 साल बाद एक बार फिर अंतरिक्ष में आ गए हैं। यह एक अद्भुत सफर है। हम 7.5 किलोमीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे हैं। मेरे कंधों पर उभरा हुआ तिरंगा मुझे बताता है कि मैं आप सभी के साथ हूं। मेरी यह यात्रा अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की शुरुआत नहीं है, बल्कि भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत है। मैं चाहता हूं कि आप सभी इस यात्रा का हिस्सा बनें। आपका सीना भी गर्व से चौड़ा होना चाहिए... आइये, हम सब मिलकर भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत करें। जय हिंद! जय भारत!
सफल लॉन्चिंग के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मे एक्स पर लिखा- हम भारत, हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर अंतरिक्ष मिशन के सफल प्रक्षेपण का स्वागत करते हैं। भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं। वे अपने साथ 140 करोड़ भारतीयों की उम्मीदें और आकांक्षाएं लेकर आए हैं। उन्हें और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को सफलता की शुभकामनाएं।
शुभांशु शुक्ला भारतीय वायुसेना (IAF) के पायलट ग्रुप कैप्टन और ISRO के अंतरिक्ष यात्री हैं। Axiom-4 एक निजी यात्री मिशन है, जो शुभांशु शुक्ला को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर लेकर जा रहा है।
इसके साथ ही अंतरिक्ष में दोबारा भारत का परचम लहराने का 41 साल का इंतजार पूरा हो गया है। वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और भारत के स्वदेशी अंतरिक्ष मिशन गगनयान के लिए चुने गए शुभांशु अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बनने जा रहे हैं।
राकेश शर्मा 1984 में सोवियत संघ के सोयूज अंतरिक्षयान से अंतरिक्ष स्टेशन सैल्यूट 7 पर गए थे। राकेश शर्मा भारत के पहले अंतरिक्षयात्री हैं।
शुभांशु के साथ जाने वाले अंतरिक्षयात्रियों में पोलैंड से स्लावोस्ज उजनांस्की-विस्नीवस्की, हंगरी से टिबोर कापू और मिशन की कमांडर अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री पैगी व्हिटसन शामिल हैं।
शुभांशु मिशन के पायलट हैं। स्पेसएक्स का फाल्कन-9 रॉकेट फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी अंतरिक्ष केंद्र के लांच कांप्लेक्स 39ए से अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर रवाना हुआ है।
वीडियो: शुभांशु शुक्ला के माता-पिता और रिश्तेदारों ने लखनऊ में बैठकर मिशन की सफल लॉन्चिंग देखी। अमेरिका के फ्लोरिडा में नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से #Axiom4Mission की सफल उड़ान के बाद सभी ने जश्न मनाया।
#WATCH | Lucknow, Uttar Pradesh: Parents, relatives of IAF Group Captain & astronaut Shubhanshu Shukla, celebrate as #Axiom4Mission lifts off from NASA's Kennedy Space Centre in Florida, US.
The mission is being piloted by India's IAF Group Captain Shubhanshu Shukla. pic.twitter.com/JmbodqjyEy
— ANI (@ANI) June 25, 2025