
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। सरकारी टेलीकॉम कंपनी ने प्रीपेड यूजर्स के लिए एक खास पहल की है। BSNL के चुनिंदा प्रीपेड रिचार्ज के साथ अब ग्राहकों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के इंश्योरेंस कवर भी मिलेगा। इस इंश्योरेंस में दुर्घटना से मौत और साइबर फ्रॉड से होने वाले आर्थिक नुकसान को कवर किया गया है।
BSNL ने इस सुविधा के लिए सरकारी इंश्योरेंस कंपनी The Oriental Insurance Company Limited यानी OICL के साथ साझेदारी की है।
ग्राहकों को दो तरह का इंश्योरेंस कवर दिया जा रहा है। पहला दुर्घटना के कारण होने वाली मौत के लिए है, जबकि दूसरा ऑनलाइन साइबर फ्रॉड से होने वाले नुकसान के लिए दिया जाएगा।
दुर्घटना से मौत होने की स्थिति में उसके परिवार को अधिकतम 1 लाख रुपये तक का कवर मिल सकता है, जिसमें सड़क दुर्घटना, जलने, सांप के काटने, बिजली गिरने और करंट लगने जैसी घटनाओं को शामिल किया गया है। घटना की जानकारी 48 घंटे के भीतर देनी होगी।
साइबर फ्रॉड के मामले में 10,000 रुपये तक का कवर मिलेगा। जिसमें फिशिंग, ईमेल स्पूफिंग और ऑनलाइन चोरी जैसे मामलों से होने वाले आर्थिक नुकसान को शामिल किया गया है। बता दें कि इसके लिए BSNL मोबाइल नंबर का बैंक अकाउंट से लिंक होना जरूरी है और फ्रॉड की जानकारी 7 दिनों के भीतर देनी होगी। इंश्योरेंस क्लेम से जुड़ी जानकारी के लिए ग्राहक 1800-11-8485 टोल-फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं या Claims.bsnl@orientalinsurance.co.in पर ईमेल कर सकते हैं।
रिचार्ज करने के बाद इंश्योरेंस कवर अपने आप एक्टिव हो जाएगा। कवर रिचार्ज के 24 घंटे के अंदर एक्टिव होता है और रिचार्ज की वैलिडिटी तक जारी रहता है।
फिलहाल ये सुविधा BSNL के 202 रुपये और 2,449 रुपये वाले प्रीपेड प्लान के साथ उपलब्ध है। दोनों प्लान Special Tariff Voucher हैं और इनमें अलग-अलग तरह के बेनिफिट मिलते हैं।