
ऑटो डेस्क। सड़कों पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से छुटकारा दिलाने के लिए चीन की दिग्गज कंपनी एक्सपेंग एयरोएचटी (XPeng AeroHT) ने बड़ा ऐलान किया है। कंपनी के अनुसार, अगले साल गर्मियों तक दो सीटों वाली उड़ने वाली कार का कमर्शियल इस्तेमाल शुरू हो सकता है। करीब 10 साल की कड़ी मेहनत और सफल ट्रायल्स के बाद चीन की एविएशन अथॉरिटी ने इसे उड़ाने की मंजूरी भी दे दी है। कंपनी के सीईओ डेली झाओ का दावा है कि साल 2027 के आखिरी महीनों तक यह अनोखी गाड़ी आम लोगों और इमरजेंसी सेवाओं के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगी।
कीमत और छह पहियों वाली वैन: इस फ्लाइंग कार की कीमत करीब 3,00,000 डॉलर (लगभग 2.18 करोड़ रुपये) रखी गई है। इस कीमत के साथ एक खास छह पहियों वाली बड़ी वैन भी मिलती है, जिसके पिछले हिस्से से यह कार 'ट्रांसफॉर्मर्स' फिल्म की गाड़ियों की तरह बाहर निकलती है।
5 मिनट में सीख सकेंगे उड़ाना: इसमें बैटरी से चलने वाले छह बड़े पंखे लगे हैं, जो इसे किसी बड़े ड्रोन की तरह हवा में उठाते हैं। इसे जॉयस्टिक की मदद से चलाना बेहद आसान है और सीईओ झाओ का दावा है कि कोई भी आम व्यक्ति इसे महज 5 मिनट में उड़ाना सीख सकता है। इसमें ऑटो-पायलट का विकल्प भी मौजूद है।
रेंज और ऊंचाई: एक बार फुल चार्ज होने पर यह कार 30 किलोमीटर तक उड़ान भर सकती है और जमीन से 1 किलोमीटर की ऊंचाई तक जा सकती है। सुरक्षा कारणों से शुरुआत में इसे चुनिंदा पार्कों और पहाड़ी इलाकों में बचाव दलों (रेस्क्यू टीम) के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
कंपनी के सीईओ ने एलन मस्क की टेस्ला फ्लाइंग कार पर तंज कसते हुए कहा कि मस्क की गाड़ी असल में उड़ती नहीं, बल्कि सर्कस के खेल की तरह हवा में उछल-कूद करती है। हैरी पॉटर और स्पाइडर-मैन से प्रेरित होकर बनाई गई इस कार को लेकर कंपनी अरब देशों और एशिया में डील पक्की कर चुकी है और अब यूरोप के बाजार में उतरने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें- फेस्टिव सीजन के बाद भी होंडा दे रही है 1.86 लाख रुपये तक का बंपर डिस्काउंट, जानें किस मॉडल पर कितनी बचत