
टेक्नोलॉजी डेस्क। अगर आप 1 लाख रुपये तक के बजट में एक नया लैपटॉप लेने का मन बना रहे हैं, तो दिमाग में सबसे पहले Dell और HP का ही नाम आता है। भारत में इन दोनों कंपनियों पर लोग आंख बंद करके भरोसा करते हैं, क्योंकि इनके पास हर तरह के यूजर के लिए शानदार मॉडल्स मौजूद हैं। लेकिन जब बात 85 हजार से 1 लाख रुपये खर्च करने की हो, तो सिर्फ ब्रांड का नाम देखकर फैसला लेना सही नहीं रहता है।
1 लाख रुपये के बजट में Dell और HP दोनों ही दमदार हार्डवेयर देते हैं, लेकिन दोनों के काम करने का अंदाज थोड़ा अलग है।
Dell की मजबूती: Dell के इस रेंज वाले मॉडल्स, जैसे Dell 14 और Dell 15 सीरीज, अपनी मजबूत बिल्ड क्वालिटी और टिकाऊ हिंज के लिए जाने जाते हैं। अगर आप रोजाना घंटों टाइपिंग करते हैं या लैपटॉप को थोड़ा रफ इस्तेमाल करते हैं, तो Dell की बॉडी और कीबोर्ड काफी भरोसेमंद महसूस होते हैं। वहीं हैवी काम या गेमिंग के लिए Dell G15 सीरीज भी इसी बजट में मिल जाती है।
HP का स्टाइल: दूसरी तरफ HP अपने लैपटॉप के डिजाइन और हल्के वजन पर ज्यादा ध्यान देता है। HP OmniBook और Core Ultra सीरीज के मॉडल्स देखने में बेहद स्लिम और स्टाइलिश लगते हैं। स्पीड की बात करें तो दोनों कंपनियां लेटेस्ट Intel Core Ultra और Snapdragon प्रोसेसर के साथ 16GB से 24GB तक रैम देती हैं, जिससे मल्टीटास्किंग बिना रुके स्मूद चलती है।
अगर आप काम और पढ़ाई के सिलसिले में ज्यादा ट्रैवल करते हैं, तो बैटरी बैकअप और वजन जरूरी चीजें होती हैं। इस मामले में HP थोड़ा आगे निकलता दिखता है। 1 लाख से कम कीमत में आने वाले HP OmniBook मॉडल्स का वजन करीब 1.3 से 1.6 किलोग्राम के आसपास रहता है और इनमें लंबा बैटरी बैकअप मिलता है। इसके अलावा HP इस बजट में 2-इन-1 टचस्क्रीन फ्लिप वाले ऑप्शन भी देता है, जिन्हें आप टैबलेट की तरह मोड़कर इस्तेमाल कर सकते हैं।
वहीं Dell के इस रेंज वाले लैपटॉप स्टाइल से ज्यादा प्रैक्टिकल फीचर्स पर फोकस करते हैं। इनमें एंटी-ग्लेयर स्क्रीन, फिंगरप्रिंट रीडर और जरूरी पोर्ट्स का अच्छा बैलेंस मिलता है, ताकि अलग से एडेप्टर न लगाना पड़े। हालांकि, लगातार भारी काम करने पर Dell के ज्यादातर मॉडल्स में बैटरी बैकअप 5 से 8 घंटे के आसपास ही सिमट जाता है, जहां HP बाजी मार लेता है।
आफ्टर-सेल्स सर्विस
Dell और HP दोनों के सर्विस सेंटर देश के छोटे-बड़े शहरों में मौजूद हैं। लेकिन ऑन-साइट यानी घर आकर रिपेयर करने वाली सर्विस के मामले में Dell का रिकॉर्ड थोड़ा बेहतर माना जाता है। HP की सर्विस भी तेज है, मगर वारंटी खत्म होने के बाद इसके पार्ट्स का खर्च कई बार जेब पर थोड़ा भारी पड़ सकता है।
अगर आपको पतला, हल्का, स्टाइलिश और लंबी बैटरी वाला लैपटॉप चाहिए जिसे बैग में डालकर कहीं भी ले जाया जा सके, तो HP आपके लिए बढ़िया सौदा है। लेकिन अगर आपकी प्रायरिटी मजबूत बॉडी, लगातार ऑफिस या कोडिंग का भारी काम और चार-पांच साल तक चलने वाला लैपटॉप है, तो Dell खरीदना सही रहेगा।
यह भी पढ़ें- फोन पर जो बात करो, उसी के दिखने लगते हैं विज्ञापन? तुरंत बंद करें ये 3 सेटिंग्स