
ऑटो डेस्क। क्या गाड़ी चलाते समय ट्रैफिक पुलिस द्वारा रोके जाने पर ओरिजिनल ड्राइविंग लाइसेंस (DL) और आरसी दिखाना अनिवार्य है? इसका सीधा जवाब है नहीं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के नियमों के अनुसार, अगर आपके पास स्मार्टफोन में DigiLocker या mParivahan ऐप में आधिकारिक डिजिटल दस्तावेज मौजूद हैं, तो पुलिस आपसे फिजिकल कॉपी की मांग नहीं कर सकती है।
केंद्रीय मोटर वाहन नियम (CMVR) नियम 139: यह नियम वाहन चालकों को डीएल, आरसी, बीमा और पीयूसी जैसे सभी जरूरी दस्तावेज इलेक्ट्रॉनिक रूप में प्रस्तुत करने की पूरी कानूनी छूट देता है।
आईटी एक्ट 2000 (धारा 4) व डिजिलॉकर नियम 9A: सरकारी मान्यता प्राप्त प्लेटफॉर्म से जारी डिजिटल दस्तावेज कानूनी रूप से मूल फिजिकल कॉपी के बिल्कुल बराबर माने जाते हैं।
यह भी पढ़ें- विदेश यात्रा में नहीं कटेगी जेब! महंगे रोमिंग पैक छोड़ें, फोन में डाउनलोड करें ये 5 बेस्ट Travel eSIM Apps
DigiLocker का 'Issued Documents' सेक्शन व mParivahan पर उपलब्ध सत्यापित डिजिटल डीएल और आरसी पूरी तरह वैध हैं।
फोन गैलरी में रखी फोटो, व्हाट्सएप पीडीएफ या डिजिलॉकर ड्राइव में खुद अपलोड किया गया स्कैन सरकारी दस्तावेज नहीं माना जाता है। पुलिस इसे खारिज कर सकती है।
गंभीर ट्रैफिक उल्लंघन पर पुलिस को भौतिक लाइसेंस जब्त करने की जरूरत नहीं होती है; अधिकारी e-Challan सिस्टम के जरिए डिजिटल रिकॉर्ड में ही लाइसेंस जब्ती दर्ज कर देते हैं।
यदि ट्रैफिक पुलिस डिजिटल दस्तावेज मानने से इनकार करे, तो शांत रहकर उन्हें ऐप से क्यूआर कोड सत्यापित करने को कहें। आप विनम्रतापूर्वक मोटर वाहन नियम 139 का हवाला दे सकते हैं।