
टेक्नोलॉजी डेस्क। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आपको अक्सर देशभक्ति को बढ़ावा देते हुए 'मेड इन यूएस' का जिक्र करते नजर आ जाएंगे।
ट्रंप के ब्रैंड से लॉन्च किए गए Trump Mobile T1 को पूरी तरह 'मेड इन यूएस' और अमेरिकी इनोवेशन के तौर पर पेश किया गया था।
मशहूर यूट्यूबर JerryRigEverything ने अपने हालिया वीडियो में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के ब्रैंड वाले मोबाइल फोन की पोल खोल कर रख दी है।
JerryRigEverything ने Trump Mobile T1 का टियरडाउन करके इसकी असलियत सामने ला दी है। जांच में सामने आया है कि इस फोन का डिजाइन, पुर्जे और पूरा हार्डवेयर ताइवानी कंपनी के HTC U24 Pro जैसा हूबहू है।
हूबहू नकल: यह डिवाइस चीन में बनता है। इसकी 120Hz स्क्रीन, 3.5mm हेडफोन जैक, फ्रेम और बटनों की बनावट पूरी तरह HTC U24 Pro जैसी है।
झंडे में भी गड़बड़ी: देशभक्ति के नाम पर बेचे जा रहे इस फोन के बैक पैनल पर बने अमेरिकी झंडे में 13 की जगह सिर्फ 11 धारियां ही बनाई गई हैं।
यह भी पढ़ें- Mukesh Ambani Phone: कौन सा फोन चलाते हैं एशिया के सबसे अमीर शख्स? जानिए खास फीचर्स
मदरबोर्ड तक आपस में बदले: टेस्टिंग के दौरान जब यूट्यूबर ने Trump T1 और HTC U24 Pro के मदरबोर्ड आपस में बदले, तो दोनों फोन सामान्य रूप से चालू हो गए। दोनों के स्क्रू, बैटरी लेआउट, कनेक्टर और मॉडल नंबर तक एक जैसे हैं।
बिल्ड क्वालिटी: फोन का साइड फ्रेम मेटल और बैक पैनल प्लास्टिक का है, जिस पर सुनहरे पीले रंग की कोटिंग की गई है। बेंड टेस्ट में फोन मुड़ा नहीं, लेकिन आंतरिक बनावट पूरी तरह चीनी मैन्युफैक्चरिंग वाली ही निकली।
इस टियरडाउन से साफ हो गया है कि यह फोन अमेरिका में नहीं बना, बल्कि चीन में बने HTC फोन पर नई ब्रैंडिंग चिपकाकर बेचा जा रहा है।