
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। एलन मस्क की कंपनी SpaceX की सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस स्टारलिंक (Starlink) भारत में लॉन्च होने से पहले ही चर्चा में आ चुकी है। पिछले दिनों रिलायंस जियो और मुकेश अंबानी को लेकर दिए गए बयानों के बाद अब मस्क ने भारत में Starlink की कीमत को लेकर बड़ी बात कह दी है।
एलन मस्क ने कहा कि अगर भारत में Starlink का इंटरनेट महंगा हुआ, तो लोग इसे नहीं खरीदेंगे। ऐसे में कंपनी को इसकी कीमत कम ही रखनी होगी।
एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट का जवाब देते हुए कहा कि Starlink की सर्विस बहुत महंगी हुई, तो भारतीय यूजर इसे नहीं खरीदेंगे। ऐसे में कंपनी को भारतीय बाजार के हिसाब से कीमत तय करनी होगी। इसके साथ ही मस्क ने कहा कि Starlink के आने से अंबानी के मुनाफे पर असर पड़ सकता है, लेकिन इससे उनका कारोबार बंद नहीं होगा।
भारत के इंटरनेट बाजार में पहले से ही रिलायंस जियो और Airtel जैसी कंपनियों का दबदबा है। ऐसे में Starlink के लिए भारतीय बाजार में अपनी जगह बनाना आसान तो नहीं होगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में 1GB मोबाइल डेटा की कीमत करीब 8 रुपये है। ऐसे में Starlink को अपने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपनी कीमत का ध्यान रखना होगा।
यह भी पढ़ें- कौन है यह शख्स? दर्जनों देशों की पूरी अर्थव्यवस्था से भी ज्यादा है अकेले इसकी दौलत!
बता दें कि Starlink की सर्विस आम मोबाइल इंटरनेट से अलग है। यह जमीन पर लगे मोबाइल टावरों से नहीं बल्कि अंतरिक्ष में मौजूद सैटेलाइट की मदद से इंटरनेट उपलब्ध कराती है। इससे उन इलाकों में भी इंटरनेट कनेक्टिविटी मिलेगी, जहां मोबाइल नेटवर्क कमजोर है।