
ऑटो डेस्क। सर्दियों की दस्तक के साथ ही दोपहिया वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ने लगती हैं। गिरता तापमान और वातावरण में मौजूद नमी बाइक के इंजन, बैटरी और टायरों पर बुरा असर डालती है। ठंड के दिनों में सुबह-सुबह किक या सेल्फ मारते-मारते पसीने छूटने की नौबत आ जाती है। अगर आप चाहते हैं कि कड़ाके की ठंड में भी आपकी बाइक एक सेल्फ में स्टार्ट हो और बेहतरीन माइलेज दे, तो सर्दियों की शुरुआत से पहले ये जरूरी काम जरूर निपटा लें।
इंजन ऑयल और फिल्टर बदलें: ठंड में इंजन ऑयल गाढ़ा हो जाता है, जिससे पुर्जों तक लुब्रिकेशन देरी से पहुंचता है। पुरानी सर्विस हो चुकी है, तो रेकमेंडेड ग्रेड वाला नया इंजन ऑयल और ऑयल फिल्टर तुरंत डलवा लें।
बैटरी और टर्मिनल्स की जांच: कम तापमान में बैटरी की क्षमता घट जाती है। कमजोर बैटरी सुबह बाइक स्टार्ट नहीं होने देती। टर्मिनल्स पर जमा कार्बन या जंग साफ कराएं और सही ग्रीसिंग करवाएं।
टायर प्रेशर और ग्रिप: ठंडे मौसम में टायरों का एयर प्रेशर तेजी से गिरता है, जिससे माइलेज और बैलेंस दोनों बिगड़ते हैं। कोहरे और ओस वाली सड़कों पर बेहतर ग्रिप के लिए टायरों के खांचों (ट्रेड) की जांच करें; घिसे टायर तुरंत बदलें।
ब्रेक सिस्टम की सर्विस: सर्दियों की गीली सड़कों पर सुरक्षित रुकने के लिए ब्रेक पैड, केबल और ब्रेक ऑयल का लेवल चेक करवाएं। असामान्य आवाज आने पर तुरंत मैकेनिक को दिखाएं।
लाइट्स और हॉर्न की चेकिंग: घने कोहरे में विजिबिलिटी कम हो जाती है। ऐसे में हेडलाइट, टेललाइट, चारों इंडिकेटर और हॉर्न का बिल्कुल सही काम करना सुरक्षा के लिहाज से बेहद जरूरी है।
चेन की सफाई और लुब्रिकेशन: नमी के चलते चेन पर जंग लगने का खतरा रहता है। चेन की अच्छी तरह सफाई कराएं, सही टेंशन सेट करें और चेन ल्यूब का इस्तेमाल करें।
स्पार्क प्लग की सफाई: अगर स्पार्क प्लग पर कार्बन जमा है या वह घिस चुका है, तो स्पार्क कमजोर पड़ेगा और बाइक स्टार्ट होने में नखरे दिखाएगी। इसे साफ कराएं या जरूरत पड़ने पर बदल दें।
यह भी पढ़ें- Hyundai Bayon SUV: फेस्टिव सीजन में हुंडई का बड़ा दांव, 205mm ग्राउंड क्लीयरेंस और 5-स्टार सेफ्टी के साथ एंट्री
फ्यूल टैंक को सूखा न रखें: सर्दियों में टैंक में पेट्रोल कम होने पर खाली जगह में नमी जमने लगती है, जिससे पेट्रोल में पानी मिलने और जंग लगने का खतरा रहता है। इसलिए टैंक में पर्याप्त ईंधन बनाए रखें।