
टेक्नोलॉजी डेस्क। अब तक आप टीवी पर वही फिल्में और शो देखते आए हैं, जिन्हें किसी और ने बनाया है, लेकिन जल्द ही टीवी स्क्रीन पर आपकी खुद की फिल्म चलेगी। जी हां, आप खुद अपनी कहानी के हीरो होंगे, पर्दे पर आपका ही चेहरा दिखेगा और डायलॉग भी आपकी ही आवाज में सुनाई देंगे। दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी गूगल (Google) एक ऐसे ही अनोखे 'AI टीवी चैनल' के आइडिया पर काम कर रही है।
हाल ही में सामने आए गूगल के एक नए पेटेंट से इस चौंकाने वाली तकनीक का खुलासा हुआ है। पेटेंट से जुड़ी जानकारियां ट्रैक करने वाली संस्था 'पैटेंटाइज' (PatentYogi) की रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल ने 13 मई 2025 को इस तकनीक के पेटेंट के लिए अर्जी दी थी, जिसे अमेरिकी पेटेंट और ट्रेडमार्क ऑफिस (USPTO) ने 19 नवंबर 2026 को सार्वजनिक किया है। खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट को तैयार करने में गूगल के दो भारतीय इंजीनियरों अरविंद रेड्डी आयुलुरी और प्रमीला काव्या थुमुरु का अहम योगदान है।
गूगल ने इस कॉन्सेप्ट को 'क्रिएटिंग ए चैनल ऑफ वीडियो एक्सपीरियंसेज टेलर्ड टू ए यूजर' नाम दिया है, जिसे आसान भाषा में हर यूजर का पर्सनल 'My Channel' कहा जा सकता है।
हर दर्शक के लिए अलग कंटेंट: इस तकनीक के जरिए टीवी पर हर इंसान के लिए अलग चैनल चलेगा। आपकी उम्र, पसंद और पहले देखे गए वीडियो के आधार पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) समझ जाएगा कि आपको क्या पसंद है।
खुद कहानियां गढ़ेगा AI: अगर आपको थ्रिलर, कॉमेडी, रोमांस या एक्शन पसंद है, तो यह सिस्टम सिर्फ पुराने शो दिखाने के बजाय आपके लिए बिल्कुल नई कहानियां और वीडियो खुद तैयार करेगा।
इस पूरे आइडिया की सबसे बड़ी खासियत यह है कि आप खुद उस शो या फिल्म का हिस्सा बन सकेंगे। AI आपकी फोटो का इस्तेमाल करके एक हूबहू डिजिटल अवतार बनाएगा और आपकी आवाज की नकल करके उससे डायलॉग भी बुलवाएगा।
उदाहरण के तौर पर, अगर आप क्रिकेट के बड़े फैन हैं और वर्ल्ड कप के मैच देखना पसंद करते हैं, तो AI आपके लिए एक खास शो बना सकता है। इसमें आपका डिजिटल किरदार स्टेडियम की भीड़ में बैठकर टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाता हुआ या फिर अपने पसंदीदा खिलाड़ी से बात करता हुआ नजर आ सकता है।
गूगल ने इस प्रोजेक्ट में कमाई का मॉडल भी जोड़ा है। पेटेंट की जानकारी के अनुसार, AI से बनने वाले इन शो के बीच एक खास एड सर्वर लगा होगा, जो हर दर्शक की जरूरत और पसंद के हिसाब से विज्ञापन दिखाएगा। यानी एक ही समय पर दो अलग-अलग लोगों को अपने शो में अलग विज्ञापन दिखाई देंगे।
अगर आप सोच रहे हैं कि यह फीचर अगले कुछ महीनों में आपके स्मार्ट टीवी पर आ जाएगा, तो फिलहाल ऐसा नहीं होने वाला है। रिपोर्टस के अनुसार, अमेरिकी पेटेंट विभाग के अधिकारी ने शुरुआती जांच के बाद गूगल के इस आवेदन को खारिज कर दिया है। हालांकि, गूगल के पास इसमें सुधार करके दोबारा आवेदन करने या अपील करने का विकल्प खुला है। इसके अलावा, गूगल ने अभी तक 'My Channel' को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा भी नहीं की है, लेकिन यह तय है कि आने वाले समय में मनोरंजन की दुनिया बेहद रोमांचक होने वाली है।
यह भी पढ़ें- कॉम्पैक्ट डिजाइन में बड़ा धमाका, Samsung-Apple को चुनौती देने आ रहा Motorola Razr Flex