
टेक्नोलॉजी डेस्क। फोल्डेबल स्मार्टफोन के बाजार में हलचल तेज होने वाली है। मोटोरोला जल्द ही सैमसंग गैलेक्सी Z फोल्ड 8 और एप्पल आईफोन डुओ को सीधी टक्कर देने के लिए अपना नया कॉम्पैक्ट फोल्डेबल फोन Razr Flex उतारने की तैयारी कर रहा है। इंटरनेट पर सामने आई इसकी ताजा लीक तस्वीरों से फोन के प्रीमियम डिजाइन, रंग और खास फीचर्स की साफ झलक मिल गई है।
लीक रेंडर तस्वीरों में Motorola Razr Flex दो बेहद आकर्षक रंगों पैंटोन डार्क बॉटनिकल ग्रीन और पैंटोन कोरिएंडर (हरा और बेज शेड) में दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हरे रंग वाले मॉडल के बैक पैनल पर फैब्रिक जैसी सॉफ्ट फिनिश मिलेगी, जबकि बेज वेरिएंट में दानेदार लेदर जैसा प्रीमियम टेक्सचर दिया जाएगा।
डिजाइन के मामले में मोटोरोला ने सैमसंग और एप्पल के बीच का रास्ता चुना है। जहां सैमसंग Galaxy Z Fold 8 चौकोर किनारों के साथ आता है और एप्पल के डिवाइस ज्यादा गोल होते हैं, वहीं मोटोरोला ने दोनों को मिलाकर एक स्मूद और पकड़ने में बेहद आरामदायक डिजाइन तैयार किया है। इसकी बाहरी कवर स्क्रीन चारों तरफ से एक समान दिखती है।
डिस्प्ले: इस फोन में बाहर की तरफ करीब 5-इंच की कवर स्क्रीन और अंदर की तरफ 6.9-इंच का फोल्डेबल डिस्प्ले मिल सकता है। कॉम्पैक्ट साइज होने के कारण इसे जेब में रखना और खुलने के बाद भी एक हाथ से चलाना बेहद आसान होगा।
कैमरा: फोटोग्राफी के लिए फोन के रियर में 50-मेगापिक्सल के दो कैमरों का सेटअप मिलने की उम्मीद है, जबकि सेल्फी के लिए डिस्प्ले में पंच-होल कटआउट दिया गया है।
कीमत की बात करें तो मोटोरोला अपने Razr Flex को सैमसंग गैलेक्सी Z फोल्ड 8 से कम दाम में पेश कर सकती है। अमेरिका में इसकी कीमत करीब 1,700 डॉलर के आसपास रहने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी इस कॉम्पैक्ट फोल्डेबल फोन को अगले साल जनवरी 2027 में लॉन्च कर सकती है।
यह भी पढ़ें- Jio Happy New Year Offer 2027: अनलिमिटेड 4G-5G डेटा के साथ मात्र ₹15 से शुरू हुए नए प्लान