
टेक्नोलॉजी डेस्क। वीडियो गेम की दुनिया में कुछ लॉन्च ऐसे होते हैं, जिनका इंतजार सिर्फ गेमिंग के शौकीन ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया करती है। रॉकस्टार गेम्स की मशहूर फ्रेंचाइजी Grand Theft Auto (GTA) के छठे पार्ट यानी GTA 6 को लेकर भी ऐसा ही जबरदस्त नजारा देखने को मिल रहा है। करीब 13 साल के लंबे इंतजार के बाद GTA 6 की वापसी ने गेमिंग इंडस्ट्री में तहलका मचा दिया है। सोशल मीडिया पर फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर है और गेमर्स का कहना है कि यह उनके लिए महज एक गेम नहीं, बल्कि एक इमोशन है।
9,500 करोड़ रुपये का कारोबार: GTA सीरीज की जबरदस्त लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिलीज से पहले ही इसके प्री-ऑर्डर ने कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, गेम के प्री-ऑर्डर से करीब 1 अरब डॉलर यानी लगभग 9,500 करोड़ रुपये का आंकड़ा जुड़ा है।
किसी मेगा इवेंट जैसा उत्साह: गेमर्स लंबे समय से इसके नए फीचर्स, शानदार ग्राफिक्स और दमदार कहानी को लेकर चर्चा कर रहे थे। यही वजह है कि इसकी लॉन्चिंग को किसी बड़े ग्लोबल एंटरटेनमेंट इवेंट से कम नहीं माना जा रहा है।
GTA 6 का क्रेज सिर्फ घरों या गेमिंग जोन तक ही सीमित नहीं है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कई पोस्ट में यह दावा किया जा रहा है कि कुछ कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को गेम खेलने के लिए खास छुट्टी दी है, जबकि कई दफ्तरों में इसके लिए अलग से समय तय किया गया है। इतना ही नहीं, स्पॉइलर्स से बचने और बिना किसी रुकावट के गेम का पूरा आनंद लेने के लिए लाखों गेमर्स ने सोशल मीडिया से दूरी बनाने का भी फैसला कर लिया है।