
ऑटो डेस्क। हुंडई मोटर इंडिया ने अपनी नई SUV बेयॉन को देश में पेश कर दिया है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये रखी है, जो कि इंट्रोडक्टरी कीमत है। साइज और पोजिशनिंग के लिहाज से इसे वेन्यू और क्रेटा के बीच रखा गया है।
बाजार में यह कार कुल 7 ट्रिम्स (HX2, HX3, HX3+, HX5, HX6, HX8 और HX10) में उपलब्ध होगी, जिसमें HX2 इसका बेस वेरिएंट और HX10 टॉप वेरिएंट है। कंपनी ने इसकी आधिकारिक बुकिंग शुरू कर दी है और फेस्टिव सीजन के दौरान इसकी डिलीवरी भी शुरू होने की पूरी उम्मीद है।
भारत में लॉन्च हुई बेयॉन को इंटरनेशनल मॉडल की तुलना में ज्यादा टॉल और अपराइट एसयूवी लुक दिया गया है। करीब 4.2 मीटर लंबी यह कार हुंडई की नई 'आर्ट ऑफ स्टील' डिजाइन थीम पर आधारित है।
सामने की तरफ स्कल्प्टेड बोनट, H-Edge LED DRLs, स्प्लिट LED हेडलैंप और मस्कुलर बंपर मिलता है। साइड प्रोफाइल में ज्योमेट्रिक व्हील आर्च, चौड़ी डोर क्लैडिंग, 17-इंच के डायमंड-कट अलॉय व्हील और ब्रिज-टाइप रूफ रेल्स दिए गए हैं। पीछे की ओर H-Edge टेललैंप, इंटीग्रेटेड स्पॉइलर और मस्कुलर बंपर देखने को मिलता है। खराब रास्तों के लिए इसमें 205mm का शानदार ग्राउंड क्लीयरेंस दिया गया है।
बेयॉन के केबिन को बेहद हाईटेक बनाया गया है। इसके टॉप वेरिएंट में पैनोरमिक सनरूफ, दो 12.3-इंच स्क्रीन वाला कर्व्ड डिस्प्ले सेटअप, वेंटिलेटेड सीट्स, फुली ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और ऑटो होल्ड के साथ इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक मिलता है।
इस कार की सबसे बड़ी खासियत इसका AI-बेस्ड वॉइस असिस्टेंट है, जिसे साउंडहाउंड AI और पर्प्लेक्सिटी AI की तकनीक से तैयार किया गया है। यह सिस्टम आम बोलचाल की भाषा को आसानी से समझकर काम करता है। साथ ही इसमें NVIDIA-बेस्ड ccNC कॉकपिट, 70 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स वाला ब्लूलिंक और C-OTA अपडेट सपोर्ट भी दिया गया है। नए स्टीयरिंग व्हील पर चार डॉट वाला खास लोगो और कंट्रोल्स मौजूद हैं।
पावरट्रेन की बात करें तो हुंडई बेयॉन में 1.5-लीटर, 4-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 115PS की पावर और 144Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यही इंजन कंपनी अपनी लोकप्रिय क्रेटा में भी देती है। इसमें 6-स्पीड मैनुअल और iVT (CVT) ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है।
हाइवे पर तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग को बेहतर बनाने के लिए iVT वेरिएंट में डैश बूस्ट मोड और स्पोर्टी ड्राइव तकनीक जोड़ी गई है, जो रबर-बैंड इफेक्ट को काफी कम कर देती है।
कंपनी ने फिलहाल इसके डीजल या टर्बो-पेट्रोल इंजन की घोषणा नहीं की है, लेकिन इसके CNG वेरिएंट पर मुहर लगा दी है, जिसे जनवरी 2027 तक बाजार में उतारा जा सकता है। सेफ्टी पर कंपनी का दावा है कि बेयॉन को 5-स्टार भारत NCAP रेटिंग हासिल करने के लक्ष्य के साथ तैयार किया गया है, जिसके आधिकारिक क्रैश टेस्ट नतीजे जल्द सामने आएंगे।