
टेक्नोलॉजी डेस्क। भारत की बड़ी टेलीकॉम कंपनियों में शामिल Reliance Jio अपने ग्राहकों के लिए कई तरह के रिचार्ज प्लान ऑफर करती है। इनमें कुछ प्लान ऐसे भी हैं, जिनमें इंटरनेट डेटा की सुविधा नहीं मिलती। जियो का 448 रुपये वाला वॉयस कॉलिंग प्लान ऐसे ही ग्राहकों के लिए है, जो मोबाइल का इस्तेमाल सिर्फ बातचीत करने और SMS भेजने के लिए करते हैं। इस प्लान में 84 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। वहीं, कंपनी के पास लंबी वैलिडिटी वाला 1,748 रुपये का प्लान भी है, जिसका लाभ उठाकर आप अपने पैसे की बचत कर सकते हैं।
दरअसल, बहुत से मोबाइल यूजर्स लंबे समय से शिकायत कर रहे थे कि वे फोन का इस्तेमाल केवल बातचीत करने के लिए करते हैं, लेकिन इसके बावजूद भी उन्हें इंटरनेट डेटा वाले प्लान का रिचार्ज कराना पड़ता है। इसी परेशानी को देखते हुए भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने टेलीकॉम कंपनियों को केवल वॉयस कॉलिंग और SMS की सुविधा वाले प्लान पेश करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जियो और एयरटेल जैसी कंपनियों ने बिना डेटा वाले रिचार्ज प्लान पेश किए।
जियो रिचार्ज प्लान
जियो अपने ग्राहकों को बिना इंटरनेट डेटा वाले दो वॉयस और SMS प्लान ऑफर करती है। इनमें एक प्लान 448 रुपये का है जो 84 दिनों की वैलिडिटी के साथ आता है और इसमें कुल 1,000 SMS मिलते हैं।
वहीं दूसरा प्लान 1,748 रुपये का है जिसमें 336 दिनों की वैलिडिटी के साथ कुल 3,600 SMS मिलते हैं।
इन दोनों ही प्लान में अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग के साथ JioTV और JioAICloud का एक्सेस भी मिलता है।
जियो के साथ एयरटेल भी बिना इंटरनेट डेटा वाले वॉयस और SMS प्लान ऑफर करती है। दोनों कंपनियों के 84 दिनों वाले प्लान की तुलना करें तो एयरटेल का प्लान 469 रुपये का आता है, जिसमें 84 दिनों के लिए अनलिमिटेड कॉलिंग और 900 SMS मिलते हैं।
जियो और एयरटेल के ये वॉयस-ओनली (Voice Only) प्लान उन लोगों के लिए बहुत उपयोगी हैं, जिन्हें इंटरनेट की जरूरत नहीं है या जो दूसरा SIM सिर्फ कॉलिंग और OTP के लिए चालू रखना चाहते हैं।