
टेक्नोलॉजी डेस्क। अमेरिका के न्यू मैक्सिको राज्य की एक अदालत ने बुधवार को मेटा कंपनी पर 25 अरब डॉलर का जुर्माना लगाया।
न्यू मैक्सिको की एक अदालत के अनुसार कंपनी ने फेसबुक यूजर्स को उनके प्राइवेट डेटा की सुरक्षा और उसके इस्तेमाल को लेकर गुमराह किया। मेटा ने फैसले के खिलाफ अपील करने का संकेत दिया है। जूरी ने पाया था कि कंपनी ने फेसबुक यूजर्स को उनके प्राइवेट डेटा की सुरक्षा और उसके इस्तेमाल को लेकर गुमराह किया।
रॉयटर्स के मुताबिक, ब्रिटिश पॉलिटिकल कंसल्टिंग फर्म कैम्ब्रिज एनालिटिका ने एक थर्ड-पार्टी ऐप के जरिए करीब 8.7 करोड़ फेसबुक यूजर्स का प्राइवेट डेटा उनकी सहमति के बिना हासिल किया और इस डेटा का इस्तेमाल राजनीतिक प्रोफाइलिंग और टारगेटेड ऐड के लिए किया गया।
जिसके बाद न्यू मैक्सिको प्रशासन ने 2021 में मेटा के खिलाफ केस फाइल किया था। स्टेट का आरोप था कि कंपनी ने यूजर्स को सही जानकारी नहीं दी कि उनके डेटा तक किन लोगों की पहुंच थी।
इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर नुकसान पहुंचाने वाले कंटेंट, नफरत फैलाने वाली सामग्री और गलत सूचनाओं से निपटने के तरीकों को लेकर भी यूजर्स को गुमराह करने के आरोप लगे। बता दें कि मेटा को इससे पहले 2019 में भी कैम्ब्रिज एनालिटिका घोटाले पर यूएस फेडरल ट्रेड कमीशन से 5 अरब डॉलर के जुर्माने का सामना करना पड़ा था।
सितंबर 2026 में जूरी ने पाया था कि कंपनी और उसके नेतृत्व के 29 बयानों में से 26 मिसलीडिंग थे। जूरी के अनुसार, इन बयानों के आधार पर न्यू मैक्सिको के उपभोक्ता संरक्षण कानून के 4.3 करोड़ से अधिक उल्लंघन हुए और न्यू मैक्सिको के कानून के तहत प्रत्येक उल्लंघन पर अधिकतम 5,000 डॉलर का जुर्माना लगाया जा सकता था। इसी आधार पर जुर्माना 219 अरब डॉलर से अधिक आंका गया, लेकिन जज फ्रांसिस मैथ्यू ने अंतिम राशि घटाकर 25 अरब डॉलर कर दी। बता दें कि जुर्माने की रकम राज्य की शिक्षा पर खर्च की जाएगी।
यह भी पढ़ें- एलन मस्क बांटेंगे 1 लाख करोड़ रुपये! अमेरिका के हर बच्चे को मिलेगा, जानें पूरा मामला
न्यू मैक्सिको के अटॉर्नी जनरल राउल टोरेज ने इस फैसले को "अमेरिकी इतिहास में किसी कंपनी के खिलाफ सबसे बड़े राज्य-स्तरीय फैसलों में से एक" बताया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला सिलिकॉन वैली के लिए एक साफ संदेश है कि बड़ी टेक कंपनियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।
मेटा ने फैसले का विरोध करते हुए तर्क दिया है कि इस मामले में लगाए गए आरोप और जुर्माने की राशि उचित नहीं हैं। कंपनी के मुख्य कानूनी अधिकारी सीजे महोनी ने कहा कि कंपनी को भरोसा है कि वह अपील में जीत हासिल करेगी। हालांकि, अपील के कारण अंतिम भुगतान पर असर पड़ सकता है।