_m.webp)
टेक्नोलॉजी डेस्क। Microsoft ने अपनी इंजीनियरिंग टीमों के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता वाला 'Code Red' अभियान शुरू किया है, जिसका मुख्य लक्ष्य भविष्य में किसी भी बड़े ग्लोबल सर्विस आउटेज को महज एक घंटे के भीतर ठीक करना है।
कंपनी के एक आंतरिक मेमो से यह बात सामने आई है कि इस बड़े व्यवधान ने न केवल तकनीकी खामियों को उजागर किया, बल्कि आपात स्थिति में इंजीनियरिंग टीमों के बीच तालमेल की चुनौतियों को भी सामने ला दिया। अब कंपनी केवल खराबी ठीक करने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि ऐसे मजबूत सिस्टम तैयार कर रही है जिससे किसी भी संकट के समय सेवाएं तेजी से बहाल हो सकें।
Microsoft ने अपने सर्वर, ट्रैफिक मैनेजमेंट और रिकवरी सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए पांच मुख्य वर्कस्ट्रीम तैयार की हैं, जिनका उद्देश्य बड़ी गड़बड़ियों को सीमित रखना है।
सिस्टम का लोड कम करना: जब सर्वर पर अचानक जरूरत से ज्यादा ट्रैफिक बढ़ेगा, तो सिस्टम को ओवरलोड होने से बचाने के तरीकों को और बेहतर बनाया जाएगा।
क्षेत्रों के हिसाब से ट्रैफिक कंट्रोल: अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों के ट्रैफिक को इस तरह मैनेज किया जाएगा कि किसी एक इलाके की तकनीकी समस्या दूसरे क्षेत्रों की सेवाओं को प्रभावित न कर सके।
तेज रिकवरी प्रक्रिया: आउटेज के दौरान ठप हुई सेवाओं को तुरंत दोबारा शुरू करने के लिए नए और आधुनिक रिकवरी सिस्टम तैयार किए जाएंगे।
AI एजेंट्स का इस्तेमाल: इंजीनियरों को सिस्टम की सेहत और डायग्नोस्टिक डेटा को तेजी से समझने के लिए AI एजेंट्स की मदद दी जाएगी।
नियमित समीक्षा और निगरानी: सुधार के इन सभी कार्यों की प्रगति को ट्रैक करने के लिए रोजाना और साप्ताहिक स्तर पर समीक्षा की जाएगी।
बीती 12 और 13 नवंबर 2026 को Microsoft की कई प्रमुख सेवाओं में भारी व्यवधान देखने को मिला था। इस आउटेज की वजह से Outlook, Exchange Online, Teams, Copilot और Microsoft 365 जैसी सेवाओं का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ था। इसका असर दुनियाभर के कई सरकारी संस्थानों, ट्रेडिंग फर्मों और एयरलाइन कम्युनिकेशन सिस्टम पर पड़ा था।
कंपनी ने इसे Exchange Online के इतिहास का सबसे ज्यादा ग्राहकों को प्रभावित करने वाला आउटेज माना है। माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार, इस बड़ी गड़बड़ी के पीछे Windows में जुलाई महीने में आया एक स्केलेबिलिटी डिफेक्ट (Scalability Defect) था, जो लंबे समय तक पकड़ में नहीं आ सका। हालांकि, कंपनी ने यह साफ किया है कि इस घटना के पीछे कोई साइबर हमला या AI एजेंट्स की गलती नहीं थी।
सेवाओं को बहाल करने के दौरान Microsoft की टीमों को आपसी तालमेल बैठाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कंपनी की कॉर्पोरेट वाइस प्रेसिडेंट अमांडा सिल्वर (Amanda Silver) के मेमो के मुताबिक, संकट के समय इंजीनियरों ने 11 अलग-अलग Teams चैट ग्रुप्स में 11,000 से ज्यादा संदेश भेजे थे। समस्या से जुड़ा डायग्नोस्टिक डेटा अलग-अलग इंटरनल सिस्टम में बिखरा होने के कारण टीमों के लिए पूरी स्थिति को एक साथ समझना और त्वरित फैसले लेना बेहद कठिन हो गया था।
इससे पहले एक जरूरी प्रोडक्शन फिक्स को वैश्विक स्तर पर लागू करने में कंपनी को पांच से छह दिन का समय लग गया था। लेकिन अब Microsoft ने अपनी रणनीति बदलते हुए बड़े ग्लोबल आउटेज को एक घंटे के भीतर हल करने और जरूरी पैच को तुरंत दुनियाभर में लागू करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए इंजीनियरिंग टीमों को हर दिन और हर हफ्ते अपनी प्रगति की रिपोर्ट देने को कहा गया है, ताकि भविष्य में यूजर्स को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
यह भी पढ़ें- अब टीवी पर दिखेगी आपकी खुद की फिल्म, हीरो बनकर करेंगे रोमांस और एक्शन! गूगल ला रहा है AI टीवी चैनल