
ऑटो डेस्क। हुंडई मोटर ग्रुप के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन यूइसुन चुंग ने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद कंपनी ने बड़ी घोषणा की कि वह 7 साल के दौरान भारत में 15.5 अरब डॉलर यानी करीब 1.47 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
नई दिल्ली में हुंडई मोटर ग्रुप के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन यूइसुन चुंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच बैठक हुई, जिसके बाद सात साल के निवेश प्लान की घोषणा की गई। दक्षिण कोरियाई कंपनी हुंडई मोटर ग्रुप 2026 और 2032 के बीच भारत में 15.5 अरब डॉलर यानी करीब 1.47 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
इस निवेश से हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड और किआ इंडिया की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ेगी। इसके साथ ही रिसर्च एंड डेवलपमेंट, लोकल सोर्सिंग और भविष्य की मोबिलिटी से जुड़े बिजनेस भी मजबूत होंगे।
हुंडई मोटर ग्रुप के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन यूइसुन चुंग ने कहा, "भारत दुनियाभर में हुंडई मोटर ग्रुप के सबसे अहम और रणनीतिक बाजारों में से एक बना हुआ है। पिछले 30 साल भारत के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दिखाते हैं। यह निवेश अगले 30 साल और उसके बाद भी भारत के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को फिर से पक्का करता है।"
चुंग ने आगे कहा, 'इस निवेश के जरिए हम रोजगार के और मौके पैदा करेंगे। भारत के लगातार औद्योगिक विकास में मदद करने के लिए अपने पार्टनर्स और स्टेकहोल्डर्स के साथ मिलकर काम करेंगे।'
यह भी पढ़ें- Jio-Airtel को टक्कर देने की तैयारी में एलन मस्क! बोले Starlink के आने से 'अंबानी के मुनाफे पर पड़ सकता है असर'
अभी हुंडई मोटर ग्रुप की भारत में सालाना मैन्युफैक्चरिंग क्षमता 14 लाख से ज्यादा गाड़ियों की है। इसमें हुंडई की चेन्नई और पुणे फैसिलिटीज और किआ का अनंतपुर प्लांट शामिल हैं।
दक्षिण कोरियाई ऑटोमेकर अपनी भारतीय रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर में लगभग 70 करोड़ डॉलर का निवेश करेगी। इसमें गाड़ी टेस्टिंग ट्रैक भी शामिल है। इसका प्लान लोकल इंजीनियरिंग क्षमताओं को मजबूत करने का है।