
टेक्नोलॉजी डेस्क। दिनभर फोन पर आने वाले प्रमोशनल कॉल और अनजान नंबरों से मिलने वाले मैसेज कई बार जरूरी काम के बीच बड़ी परेशानी बन जाते हैं। कई बार AI की मदद से होने वाले फ्रॉड के मामले भी सामने आते हैं, जिनमें स्कैमर्स SMS और वॉयस कॉल के जरिए लोगों को निशाना बनाते हैं। ऐसे में जरूरी है कि फोन पर आने वाले अनचाहे कमर्शियल कॉल और मैसेज पर समय रहते रोक लगाई जाए। आज हम आपको बता रहे हैं कि Jio, Airtel, Vi और BSNL पर फर्जी कॉल और SMS को कैसे ब्लॉक करें।
Jio, Airtel, Vi और BSNL यूजर्स TRAI की DND (Do Not Disturb) सर्विस की मदद से अनचाहे कमर्शियल कॉल और SMS को कम कर सकते हैं। इसके लिए अपने फोन के मैसेजिंग ऐप में जाकर 1909 नंबर पर START 0 लिखकर SMS भेजना होगा। यूजर्स इसी नंबर पर कॉल करके IVR के निर्देशों का पालन भी कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के बाद इस सर्विस को शुरू होने में अधिकतम 24 घंटे लग सकते हैं, हालांकि इससे सभी अनजान नंबरों के कॉल और SMS पूरी तरह ब्लॉक नहीं होते हैं।
Jio यूजर्स: MyJio ऐप खोलें और प्रोफाइल आइकन पर टैप करें। इसके बाद Mobile Settings में जाकर Service Settings पर टैप करें और Do Not Disturb ऑप्शन चुनें। यहां फुल या पार्शियल DND के ऑप्शन मिलेंगे, जिन्हें आप अपनी जरूरत के अनुसार चुन सकते हैं।
Airtel यूजर्स: Airtel Thanks ऐप खोलें और Prepaid या Postpaid सेक्शन चुनें। इसके बाद Set DND ऑप्शन पर जाएं और Manage पर टैप करें। अपनी पसंद के DND ऑप्शन चुनकर आखिर में Submit पर टैप करें।
Vi और BSNL यूजर्स: Vi यूजर Vi ऐप में My Account सेक्शन खोलकर Find Services में DND ऑप्शन चुन सकते हैं। अपनी पसंद चुनने के बाद Submit पर टैप करना होगा। वहीं BSNL यूजर्स के लिए 1909 पर START 0 मैसेज भेजने या कॉल करके IVR के निर्देशों का पालन करने का ऑप्शन मौजूद है।
यूजर्स TRAI की आधिकारिक DND ऐप डाउनलोड करके अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर कर सकते हैं। इसके बाद किसी अनचाहे कॉल या SMS की शिकायत सीधे ऐप के जरिए दर्ज की जा सकती है। शिकायत भेजने पर एक रेफरेंस नंबर भी मिलता है, जिसकी मदद से शिकायत का स्टेटस ट्रैक किया जा सकता है।