
ऑटो डेस्क। सड़क पर वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने कानूनी अधिकारों की जानकारी होना भी बेहद जरूरी है। अक्सर लोगों को लगता है कि नियम तोड़ने पर पुलिस केवल चालान काट सकती है, लेकिन मोटर व्हीकल एक्ट, 1988 की धारा 207 के तहत कुछ खास परिस्थितियों में पुलिस को गाड़ी जब्त (सीज) करने का भी अधिकार प्राप्त है। आइए जानते हैं कि किन गलतियों पर आपकी कार या बाइक सीज हो सकती है और इसे वापस पाने का कानूनी तरीका क्या है।
बिना ड्राइविंग लाइसेंस: यदि चालक के पास वैध लाइसेंस नहीं है या वह कम उम्र का है, तो पुलिस गाड़ी जब्त कर सकती है।
बिना रजिस्ट्रेशन: वैध आरसी (RC) न होने या रजिस्ट्रेशन रद्द होने की स्थिति में वाहन सीज किया जा सकता है।
बिना परमिट या शर्तों का उल्लंघन: कमर्शियल वाहन के पास जरूरी परमिट न होने या तय रूट के बाहर गाड़ी चलाने पर धारा 207 के तहत कार्रवाई होती है।
अन्य गंभीर अपराध: शराब पीकर गाड़ी चलाना या ओवरस्पीडिंग गंभीर अपराध हैं, जिनके लिए अलग धाराओं में कार्रवाई होती है, लेकिन सिर्फ इनके आधार पर धारा 207 में गाड़ी सीज करना अनिवार्य नहीं है।
गाड़ी सीज करते समय पुलिस के लिए वाहन का नंबर, इंजन-चेसिस नंबर, समय और जब्ती की वजह का आधिकारिक रिकॉर्ड दर्ज करना जरूरी है। वाहन मालिक को सीजर मेमो यानी जब्ती की रसीद जरूर लेनी चाहिए।
अगर आपकी गाड़ी सीज हो जाए, तो घबराएं नहीं। सबसे पहले जब्ती की रसीद संभालकर रखें और परिवहन पोर्टल पर चालान का स्टेटस चेक करें। इसके बाद अपनी आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस, पीयूसी सर्टिफिकेट और पहचान पत्र लेकर संबंधित परिवहन अधिकारी या कोर्ट में आवेदन करें। दस्तावेजों के वेरिफिकेशन और जुर्माना भरने के बाद कोर्ट या अधिकारी से 'रिलीज ऑर्डर' मिलेगा, जिसे थाने या यार्ड में दिखाकर आप अपनी गाड़ी वापस ला सकते हैं।
डिजिलॉकर के दस्तावेज पूरी तरह मान्य
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के नियमों के मुताबिक, यदि आपके पास कागज के दस्तावेज नहीं हैं, तो डिजिलॉकर (DigiLocker) या एमपरिवहन (mParivahan) ऐप में मौजूद डिजिटल आरसी और लाइसेंस भी पूरी तरह मान्य हैं। केवल हार्ड कॉपी न होने पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर सकती।
यह भी पढ़ें- कहीं कोई दूसरा तो नहीं देख रहा आपके घर के CCTV कैमरे की लाइव फुटेज? तुरंत बदल दें ये सेटिंग्स