
टेक्नोलॉजी डेस्क। देश में तेजी से बढ़ते साइबर फ्रॉड और OTP स्कैम पर लगाम लगाने के लिए टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी TRAI एक बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है।
TRAI ओटीपी आने के पूरे सिस्टम और मैसेज के फॉर्मेट को बदलने का प्लान बना रहा है। इस नए नियम के लागू होने के बाद आपके फोन पर OTP दिखने का तरीका पूरी तरह बदल जाएगा, जिससे आम यूजर्स आसानी से असली और नकली मैसेज के बीच का फर्क समझ सकें।
आने वाले समय में जब आपके फोन पर कोई OTP आएगा, तो वह ऊपर नोटिफिकेशन बार या लॉक स्क्रीन प्रीव्यू में नजर ही नहीं आएगा। उसे देखने के लिए आपको अपने फोन का मैसेज ऐप खोलना पड़ेगा और मैसेज के अंदर जाकर ही वह कोड दिखेगा। इससे आपके आसपास खड़े लोगों को आपका OTP नहीं दिखेगा और स्क्रीन शेयरिंग ऐप के जरिए ठगी करने वाले जालसाज भी आपका ओटीपी चोरी नहीं कर पाएंगे।
TRAI सभी बैंकों, ई-कॉमर्स कंपनियों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए ओटीपी भेजने का एक फिक्स स्टैंडर्ड फॉर्मेट तय करने जा रहा है। इस मैसेज में कंपनी की पहचान और कोड की वैलिडिटी का समय भी साफ-साफ लिखा होगा।
नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के डेटा को देखें तो साल 2021 में ऑनलाइन धोखाधड़ी की करीब 2.62 लाख शिकायतें दर्ज हुई थीं, जो साल 2025 तक बढ़कर 24.02 लाख के पार पहुंच गईं। इनमें सबसे बड़ा हथियार ओटीपी को ही बताया जाता है। ठग बातों में उलझाकर पेमेंट का OTP मंगवा लेते हैं और यूजर बिना मैसेज पढ़े जल्दबाजी में कोड बता देता है।
यह भी पढ़ें- 1 अक्टूबर से ATM, FD से लेकर NPS तक में होने वाले है बड़े बदलाव, देखें आपकी जेब पर क्या पड़ेगा असर