
टेक डेस्क। अगर आप ऑफिस या घर के कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाते हैं, तो थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत है। साइबर अपराधी WhatsApp Web के एक्टिव सेशन का फायदा उठाकर आपके अकाउंट तक पहुंच सकते हैं। इससे आपकी निजी चैट, कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप की जानकारी उनके हाथ लग सकती है। इतना ही नहीं, वे आपके नाम से दूसरों को मैसेज भेजकर ठगी भी कर सकते हैं।
गृह मंत्रालय के साइबर अपराध से जुड़े विभाग ने WhatsApp Web यूजर्स को लेकर सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के तहत काम करने वाली नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने यूजर्स को अकाउंट की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, साइबर अपराधी WhatsApp Web के लॉग-इन सेशन का गलत इस्तेमाल कर किसी अकाउंट पर अनधिकृत कब्जा कर सकते हैं। अगर वे अकाउंट तक पहुंचने में कामयाब हो जाते हैं, तो निजी मैसेज पढ़ने के साथ कॉन्टैक्ट लिस्ट और ग्रुप चैट की जानकारी भी देख सकते हैं।
इसके बाद वे अकाउंट के असली मालिक की पहचान का इस्तेमाल कर दोस्तों, रिश्तेदारों या अन्य लोगों को मैसेज भेज सकते हैं। इस तरह किसी से पैसे मांगने, फर्जी लिंक भेजने, फिशिंग या दूसरे ऑनलाइन फ्रॉड को अंजाम देने का खतरा बढ़ जाता है।
अक्सर लोग कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद ब्राउजर का टैब या पूरी विंडो बंद कर देते हैं। लेकिन ऐसा करने से अकाउंट का सेशन खत्म होना जरूरी नहीं है। यानी अगली बार जब कोई उस कंप्यूटर पर WhatsApp Web खोलेगा, तो आपका अकाउंट पहले से लॉग-इन मिल सकता है।
इसलिए कंप्यूटर पर व्हाट्सएप इस्तेमाल करने के बाद लॉगआउट करना जरूरी है। खासकर ऑफिस के कंप्यूटर, साइबर कैफे, होटल या ऐसे सिस्टम पर जहां दूसरे लोग भी काम करते हैं, बिना लॉगआउट किए अकाउंट छोड़ना जोखिम भरा हो सकता है।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि WhatsApp Web के जरिए सरकारी, वित्तीय, संगठन से जुड़ी या अन्य संवेदनशील जानकारियां साझा करने से बचना चाहिए।
साइबर सुरक्षा के लिए छोटी-सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। इसलिए WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय लॉगइन से लेकर लॉगआउट तक सतर्क रहना जरूरी है।
यह भी पढ़ें- सर्दियों में MP के म्यूजिक और कल्चर फेस्टिवल्स का लें मजा, ग्वालियर के तानसेन समारोह से भोपाल के लोकरंग तक