
टेक्नोलॉजी डेस्क। अगर आप भी ऑफिस, साइबर कैफे या किसी दोस्त के कंप्यूटर पर व्हाट्सऐप वेब लॉग-इन करके छोड़ देते हैं, तो यह लापरवाही आपको भारी पड़ सकती है। गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबरक्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने इस संबंध में एक गंभीर चेतावनी जारी की है। एजेंसी का कहना है कि खुला छोड़ा गया व्हाट्सऐप वेब किसी गलत हाथ में पड़ने पर ठग आपके निजी मैसेज पढ़ सकते हैं और आपकी पहचान का इस्तेमाल कर आपके परिचितों व सहकर्मियों से पैसे ठग सकते हैं।
सरकारी एडवाइजरी के मुताबिक, ज्यादातर लोग काम खत्म होने पर केवल ब्राउजर का टैब या विंडो बंद कर देते हैं, जिससे अकाउंट लॉग-आउट नहीं होता है। ऐसे में उस सिस्टम पर बैठने वाला अगला व्यक्ति सीधे आपकी चैट और कॉन्टैक्ट्स तक पहुंच सकता है। इसलिए हर बार इस्तेमाल के बाद मैन्युअल तरीके से लॉग-आउट करना बेहद जरूरी है।
I4C ने बताया कि ठग कंपनियों के बड़े अधिकारियों और चार्टर्ड अकाउंटेंट को भी निशाना बना रहे हैं। वे सरकारी या आरबीआई अधिकारी बनकर खतरनाक फाइलें भेजते हैं, जिन्हें खोलते ही व्हाट्सऐप वेब हैक हो जाता है और ठग बॉस बनकर अकाउंट विभाग को पैसे ट्रांसफर करने का आदेश दे देते हैं। आंकड़ों के मुताबिक, देश में 2025 में 29.44 लाख से ज्यादा साइबर घटनाएं दर्ज हुई हैं, जबकि विदेशों में भी जगुआर लैंड रोवर और मार्क्स एंड स्पेंसर जैसी बड़ी कंपनियों का कामकाज साइबर हमलों से ठप हो चुका है।
यह भी पढ़ें- यह भी पढ़ें- Dell vs HP: 1 लाख के बजट में कौन सा लैपटॉप रहेगा सबसे फायदे का सौदा?