
ऑटो डेस्क। जब भी महंगी और तेज रफ्तार बाइक्स की बात होती है, तो Kawasaki Ninja H2R और Ducati Panigale जैसी सुपरबाइक्स का नाम सबसे पहले जुबान पर आता है। लेकिन दुनिया में एक ऐसी भी मोटरसाइकिल मौजूद है, जिसकी कीमत किसी लग्जरी कार या आलीशान बंगले से भी कहीं ज्यादा है। हम बात कर रहे हैं Neiman Marcus Limited Edition Fighter की, जिसे दुनिया की सबसे महंगी बाइक माना जाता है। इसकी कीमत 11 मिलियन डॉलर यानी करीब 90 करोड़ रुपये बताई जाती है।
Neiman Marcus Limited Edition Fighter का लुक आम सुपरबाइक्स से बिल्कुल अलग है। इसे अमेरिकी कंपनी Confederate Motors (जिसे अब Combat Motors के नाम से जाना जाता है) ने तैयार किया था। इस बाइक की खासियत सिर्फ इसकी तेज रफ्तार नहीं, बल्कि इसका सीमित संख्या में निर्माण और एक्सक्लूसिव इंजीनियरिंग है, जो इसे दुनिया भर के बाइक कलेक्टर्स की पहली पसंद बनाती है।
प्रीमियम मटेरियल और ओपन-मेटल डिजाइन
खास फ्रेम: इस बाइक की सबसे बड़ी खासियत इसका ओपन-मेटल फ्रेम है, जिसे देखने पर ऐसा लगता है मानो किसी मशीन के अंदरूनी पुर्जों को ही बाहरी डिजाइन का हिस्सा बना दिया गया हो।
हल्का और मजबूत निर्माण: इसके फ्रेम को खास मेटल मशीनिंग से तैयार किया गया है, जिसमें एल्यूमिनियम, टाइटेनियम और कार्बन फाइबर जैसे प्रीमियम मटेरियल का इस्तेमाल हुआ है। पारंपरिक बॉडी पैनल की जगह मैकेनिकल स्ट्रक्चर को महत्व देने के कारण यह सड़क पर किसी फ्यूचरिस्टिक मशीन जैसी दिखाई देती है।
दमदार इंजन और 306 kmph की टॉप स्पीड
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लॉन्च के समय इसकी शुरुआती कीमत करीब 1.10 लाख डॉलर थी, जो नीलामी और एक्सक्लूसिविटी के चलते 90 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंच गई। पावर के लिए इसमें 120 क्यूबिक इंच का एयर-कूल्ड V-Twin इंजन दिया गया है, जो इसे 190 मील प्रति घंटा यानी करीब 306 किलोमीटर प्रति घंटा की तूफानी रफ्तार देता है।
रेस में Kawasaki Ninja H2R भी शामिल
तेज रफ्तार सुपरबाइक्स की बात हो और Kawasaki Ninja H2R का जिक्र न हो, ऐसा मुमकिन नहीं है। इसमें 998cc का सुपरचार्ज्ड इंजन लगा है, जो 321.5 हॉर्सपावर की जबरदस्त ताकत पैदा करता है। भारत में इसकी एक्स-शोरूम कीमत लगभग 79.90 लाख रुपये रही है, हालांकि इसे आम सड़कों के बजाय सिर्फ क्लोज्ड रेसिंग ट्रैक के लिए बनाया गया है।
यह भी पढ़ें- रात 12 बजे बर्थडे विश करने के लिए जागने की जरूरत नहीं! इन स्टेप्स से शेड्यूल करें WhatsApp मैसेज