यूपी डेस्क, नई दिल्ली। सावन अपने आखिरी पड़ाव पर है, लेकिन मानसून अब भी पूरे जोश में है। शनिवार को कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर झमाझम बारिश (UP Weather Alert) हुई। शहर के अलग-अलग इलाकों में पानी भर गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार यह बारिश का सिलसिला आने वाले 3-4 दिनों तक जारी रह सकता है।
शनिवार सुबह से ही शहर में रुक-रुक कर तेज बारिश होती रही। सबसे अधिक बारिश चकेरी एयरपोर्ट क्षेत्र में दर्ज की गई, जहां सुबह साढ़े आठ बजे तक 61.8 मिमी पानी बरस गया। इसके अलावा नौबस्ता में 21.9 मिमी, बर्रा में 17 मिमी और सिविल लाइंस में 18.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, मानसून द्रोणी के उत्तर की ओर खिसकने और पूर्वी उत्तर प्रदेश पर चक्रवाती परिसंचरण बनने के कारण वर्षा की गतिविधियां तेज हो गई हैं। साथ ही पूर्वी बिहार से उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा एक और चक्रवात इस प्रक्रिया को और मजबूत करेगा।
रविवार और सोमवार को भी अच्छी वर्षा के आसार हैं। आने वाले दिनों में कानपुर और आसपास के जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। चकेरी एयरफोर्स स्टेशन पर अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री दर्ज किया गया।
इसे भी पढ़ें... Video: कानपुर में पिता का अनोखा प्रदर्शन, टूटी सड़क पर गिरी बेटी तो पानी में चटाई और तकिया बिछा जताया आक्रोश