डिजिटल डेस्क: मथुरा में इस वर्ष कान्हा का 5252वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। पूरा ब्रज दुल्हन की तरह सजा है और भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। हर गली-नुक्कड़ पर भक्ति गीत गूंज रहे हैं और श्रीकृष्ण जन्मभूमि को विशेष सजावट से अलंकृत किया गया है। शनिवार रात 12 बजे कंस के कारागार में लाला का प्राकट्य होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जन्मभूमि पहुंचकर कान्हा के दर्शन करेंगे और विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।मथुरा में कान्हा का जन्मोत्सव उत्साह और भक्ति के रंगों में सराबोर है। श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी… की ध्वनि से गलियां गूंज रही हैं और श्रद्धालु दूर-दूर से कान्हा के दर्शन को पहुंचे हैं।
शनिवार रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान के कंस कारागार में लाला का प्राकट्य होगा। इससे पहले ही लाखों श्रद्धालु मथुरा पहुंच गए हैं। जन्मस्थान को विशेष रूप से सजाया गया है। ठाकुरजी इस अवसर पर मेघधनु (इंद्रधनुषी) पोशाक धारण करेंगे। गर्भगृह को 221 किलो चांदी की परत से सजाया गया है और योगमाया मंदिर में 51 किलो चांदी से बने सिंहासन व शस्त्र स्थापित किए गए हैं।
#WATCH | UP | Devotees of Lord Krishna gather at Mathura's Shri Krishna Janmabhoomi Temple to celebrate Krishna Janmashtami pic.twitter.com/DmJKmkafz5
— ANI (@ANI) August 16, 2025
श्रद्धालु इस अद्भुत पल के साक्षी बनने भावविभोर हो रहे हैं। जयपुर से आईं गुड़िया और उनके पुत्र सतीश ने इसे जीवन का सौभाग्य बताया। वहीं सोनीपत से आए 78 वर्षीय विशंभर अपनी पत्नी संग लड्डू गोपाल लेकर पहुंचे।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मथुरा पहुंचेंगे। वह जन्मभूमि पर पूजन कर साधु-संतों का सम्मान करेंगे और पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। गोवर्धन पर्वत पर बनी डाक्यूमेंट्री का भी प्रस्तुतीकरण होगा।
शुक्रवार को शोभायात्रा के साथ उत्सव की शुरुआत हुई। गन्ना विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने ढोल बजाकर इसका शुभारंभ किया। लोक कलाकारों की झांकियों ने कृष्ण लीलाओं को जीवंत कर दिया। संकीर्तन करती टोलियां जब गुजरीं तो भक्त भी कृष्ण रंग में रंग गए।
ये भी पढ़ें: जन्माष्टमी पर करें भगवान श्री कृष्ण के 108 नामों का जाप, जीवन से दूर होंगे सारे कष्ट