
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गोरखपुर में रोड शो को लेकर सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सपाइयों की उद्दंडता के चलते 13 वर्षीय मासूम की जान चली गई। लेकिन उनके मुंह से संवेदना के एक शब्द तक नहीं फूटे। वो क्रांतिकारियों की जाति ढूंढने में व्यस्त रहे।
राजभर ने तंज कसा कि अखिलेश महायोगी गुरु गोरखनाथ के मंदिर नहीं गए। कम से कम गीता प्रेस जाकर भगवद्गीता ही खरीद लेते, शायद सद्बुद्धि मिल जाती। उन्होंने कहा कि अखिलेश मुस्लिम वोटबैंक की नाराजगी के डर से तरकुलही माई मंदिर में दर्शन करने नहीं गए।
राजभर ने अखिलेश को इंडी गठबंधन का हिस्सा होने की याद दिलाते हुए कहा कि रोड शो में कांग्रेस के बड़े नेता के झंडे-बैनर भी लगवा देते। उन्होंने अखिलेश को नसीहत दी कि लोफरों की संगत छोड़कर बड़े-बुजुर्गों से सीख लें। राजभर ने कहा कि 2027 में सपा का ‘सत्यानाश’ तय है।
यह भी पढ़ें- राजभर का अखिलेश पर हमलाः एक साथ देश और प्रदेश की कार्यकारिणी भंग करें, खुद भी राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा दें