
डिजिटल डेस्क: मंगलवार की देर शाम पुलिस लाइन के सामने स्थित तस्वीर महल क्षेत्र में उस समय खलबली मच गई, जब SSP नीरज कुमार जादौन ने सादे कपड़ों में शराब के ठेके पर अचानक छापा मार दिया। उन्हें शिकायत मिली थी कि ठेके की गैलरी में खुलेआम शराब पी जा रही है। SSP उस समय अपने बेटे को लेकर एक फिजियोथेरेपिस्ट के पास से लौट रहे थे और फैमिली कार में थे, इसलिए उनके साथ स्काट भी मौजूद नहीं था।
करीब साढ़े सात बजे SSP की गाड़ी जैसे ही पुलिस लाइन के सामने रुकी, वे सीधे ठेके की गैलरी की ओर बढ़ गए। वहां टेबल पर शराब की बोतलें और गिलास में पैग भरे हुए थे। यह दृश्य देखते ही SSP का पारा चढ़ गया। उन्होंने तुरंत टेबल पर रखी सभी बोतलें और गिलास जमीन पर फेंक दिए। वहां मौजूद शराब पी रहे लोगों को अंदाज़ा भी नहीं था कि सामने खड़े व्यक्ति SSP हैं। वे उलटे SSP से ही पूछ बैठे—“कौन हो तुम?” इस पर SSP नीरज जादौन ने शांत स्वर में जवाब दिया “एसएसपी।”
बस इतना सुनते ही वहां भगदड़ मच गई। शराब पी रहे लोग गैलरी से निकलकर पतली गलियों में भागने लगे। SSP इसके बाद सीधे शराब के ठेके के अंदर पहुंचे और कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए तुरंत दुकान बंद करने का आदेश दिया। सादे कपड़ों और ब्लैक हुडी में होने के कारण ठेका कर्मी शुरुआत में उन्हें पहचान नहीं पाए, लेकिन परिचय मिलने पर सभी के पसीने छूट गए।
करीब 15 मिनट तक SSP मौके पर मौजूद रहे। इसके बाद तत्काल सूचना पर सीओ सर्वम सिंह और सिविल लाइन पुलिस फोर्स वहां पहुंच गई। SSP के निर्देश पर नगर निगम का वाहन बुलाया गया और गैलरी में रखा दो डीप-फ्रीज, टेबल सहित अन्य सामान जब्त कर लिया गया।
इसके साथ ही SSP ने उस ठेके का लाइसेंस निरस्त कराने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजने की तैयारी करने का निर्देश दिया है। SSP की इस कार्रवाई ने पूरे क्षेत्र में संदेश दे दिया कि खुलेआम शराबखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Vegetable Rate Hike: सब्जियों की कीमतें बेकाबू, सहालग में टमाटर से गोभी तक के दाम अचानक दोगुने!
बेटे को लेकर लौट रहा था। पुलिस लाइन गेट के सामने शराब के ठेके पर खुलेआम शराब पिलाए जाने की शिकायत मिली थी। मौके पर पहुंचा तो शिकायत सही पाई। उसे बंद कराया गया। लाइसेंस निलंबन के लिए रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को प्रेषित की जाएगी। इस तरह के कृत्य माहौल खराब करते हैं और आपराधिक मामलों को बढ़ावा देते हैं।
-नीरज कुमार जादौन, SSP