
डिजिटल डेस्क: फेंसेडिल कफ सीरप तस्करी मामले (Cough Syrup Smuggling Case) में यूपी STF को मंगलवार को बड़ी सफलता मिली है। कोडीन युक्त कफ सीरप तस्करी में शामिल आरोपित आलोक सिंह को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। आलोक के खिलाफ सोमवार को ही लुकआउट नोटिस जारी हुआ था। वह लंबे समय से राज्य में कफ सीरप की अवैध तस्करी में संलिप्त था और एक बाहुबली के संरक्षण में मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल और अमित सिंह टाटा के साथ मिलकर काम कर रहा था।
एसटीएफ ने सोमवार को पूर्वांचल के कई इलाकों में उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। जांच के दौरान कुछ समय के लिए उसकी लोकेशन जौनपुर में एक बाहुबली के घर के आसपास मिली। बताया जा रहा है कि बाहुबली के संरक्षण में आने के बाद आलोक ने कुछ ही वर्षों में कफ सीरप की तस्करी से मोटी धनराशि कमाई।
इस गिरोह के प्रमुख शुभम जायसवाल पहले ही दुबई भाग चुका है। उसके पिता को भी थाईलैंड जाने की कोशिश के दौरान बीते दिनों कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। इसी कारण एसटीएफ आलोक के खिलाफ एलओसी जारी कराने की तैयारी कर रही है।
यह भी पढ़ें- सुहागरात पर बल्ब लाने निकला दूल्हा हुआ 'गायब'... 5 दिन बाद मिला, पूछताछ में बताई हैरान करने वाली बात