
डिजिटल डेस्क: मेरठ जिले के सरधना कस्बे में सुहागरात पर दूल्हे का गायब होना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया था। यह मामला बुधवार को उस समय सामने आया जब मुहल्ला ऊंचापुर निवासी सईद का पुत्र मोहसीन उर्फ मोनू निकाह के कुछ ही घंटों बाद अचानक लापता हो गया। मोहसीन की शादी खतौली निवासी युवती से हुई थी। रात करीब एक बजे दुल्हन से उसने बल्ब लाने की बात कही और कमरे से बाहर निकला, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा।
स्वजन ने जब उसे आसपास ढूंढा, लेकिन कुछ पता नहीं चला, तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और इलाके के सीसीटीवी खंगाले। दौराला गंगनहर पुल पर लगे एक कैमरे में मोहसीन रात एक बजकर 42 मिनट पर दिखाई दिया। इस आधार पर पुलिस ने गंगनहर में खोज अभियान भी चलाया, जिसके लिए रविवार तक पीएसी के गोताखोरों की मदद ली गई।
इसी बीच सोमवार को मामले में नया मोड़ आया। मोहसीन ने अपने परिवार के मोबाइल नंबर पर फोन किया और बताया कि वह हरिद्वार में है। सूचना मिलते ही पुलिस हरिद्वार रवाना हुई और वहां से उसे सकुशल बरामद कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह के अनुसार पूछताछ में मोहसीन ने बताया कि निकाह के बाद उसे अचानक बैचेनी महसूस होने लगी। इसी बेचैनी के कारण वह गुरुवार सुबह नानू पुल से बस पकड़कर हरिद्वार चला गया। वहां वह एक होटल में रुका, लेकिन कुछ ही दिनों में उसके पास रखे पैसे खत्म हो गए। रुपये न होने के कारण वह दो दिन तक भूखा रहा। इसी मजबूरी में उसने रविवार को अपने पिता को फोन किया, लेकिन नंबर बंद होने के कारण संपर्क नहीं हो सका।
बाद में दोबारा प्रयास करने पर संपर्क हुआ और उसकी लोकेशन परिवार को मिल सकी। पुलिस ने सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे स्वजन के हवाले कर दिया।
यह भी पढ़ें- UP में 200 करोड़ लागत से बनेगा BJP का नया प्रदेश कार्यालय, अत्याधुनिक सुविधाओं से होगा लैस