डिजिटल डेस्क। उत्तर-प्रदेश में सोमवार रात बदायूं जिले के बाईपास पर बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक हादसे में तीन दोस्तों की मृत्यु हो गई। साथ ही उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा सोमवार रात करीब 1:00 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, शहर के कल्याण नगर निवासी हर्षित उर्फ राजा सक्सेना लेखपाल थे। और वह इस समय गन्नौर में तैनात थे। सोमवार को उनके जन्मदिन था।
हर्षित सक्सेना अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने वजीरगंज के नजदीक स्थित एक होटल पर गए थे और वहां से रात अपने घर लौट रहे थे। उसी समय बाईपास पर ARTO चौराहे के नजदीक उनकी कार खंभे से टकरा गई। इस एक्सीडेंट में लेखपाल, उनके दोस्त सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव दहेमी निवासी रूबल पटेल, माल गोदाम रोड निवासी हर्षित गुप्ता की मृत्यु हो गई और कल्याण नगर निवासी अंकित कर्णधार गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे में मारे गए तीन शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रूबल पटेल ITI का छात्र था और हर्षित गुप्ता भी पढ़ाई कर रहा था। तीनों दोस्तों की मृत्यु से उनके स्वजन का बुरा हाल है। परिवार में मातम छाया है।
ये भी पढ़ें: मथुरा में दो मंजिला मकान भरभराकर गिरा, मलबे में दबकर भाई-बहन की मौत; पांच घायल