डिजिटल डेस्क: उत्तर-प्रदेश में बिजनौर के हैबतपुर गांव का 20 वर्षीय युवक प्रशांत शुक्रवार सुबह अपने दोस्तों के साथ दौड़ की प्रैक्टिस कर रहा था। अग्निवीर भर्ती (Agniveer Recuitment) में शामिल होने के लिए वह पिछले कई महीनों से कड़ी तैयारी कर रहा था। लेकिन अचानक दौड़ते समय प्रशांत गिर पड़ा और बेहोश हो गया। साथी तुरंत उसे किरतपुर के कल्याणी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक प्रशांत का जन्म 15 अगस्त 2005 को हुआ था और संयोग से 15 अगस्त 2025 को ही उसकी मौत भी हो गई। यह दिन उसके लिए जन्मदिन का जश्न होना चाहिए था, लेकिन परिवार और पूरे गांव के लिए मातम का दिन बन गया। परिवार के अनुसार प्रशांत की मौत हार्ट अटैक से हुई।
प्रशांत का सपना था कि वह भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करे। 20 अगस्त को होने वाली अग्निवीर भर्ती में दौड़ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए वह लगातार अभ्यास कर रहा था। गांववालों का कहना है कि वह बेहद मेहनती और अनुशासित था।
प्रशांत तीन बहनों का इकलौता भाई था। बहनों की शादी हो चुकी थी और परिवार की सारी उम्मीदें उसी पर टिकी थीं। उसके अचानक चले जाने से घर में कोहराम मचा है। गंगा बैराज घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया, जहां हर किसी की आंखें नम थीं।