चूहे की पीठ पर आदमी के कान
जापानी डॉक्टरों ने मानव सेल से इसे बनाने में सफलता पाई, दुर्घटना में कान गंवा देने वालों के इलाज में उपयोग आसान।
By
Edited By:
Publish Date: Mon, 25 Jan 2016 05:58:42 PM (IST)
Updated Date: Mon, 25 Jan 2016 05:59:39 PM (IST)

नई दिल्ली/टोक्यो। चूहे की पीठ पर आदमी के कान उगाने में जापानी वैज्ञानिकों को सफलता मिल गई है। उनका कहना है कि इससे आदमी में कान की बीमारियों को दूर करने में बड़ी मदद मिलेगी। अभी लोगों की पसली से कार्टिलेज लेकर कान के हिस्से का इलाज किया जाता रहा है।
एक तो पसलियों से इन्हें निकालना काफी पीड़ादायक होता है। दूसरे, पसलियों के घाव भरने में कई दफा समस्या आती है और इसका इलाज करना मुश्किल होता है। नई तकनीक से बनाए गए कान दुर्घटना में घायल हुए, खास तौर से घायल सैनिकों के इलाज के लिए बहुत काम की चीज होगी। उनलोगों के लिए भी यह पद्धति कारगर होगी जिनके चेहरे पर जन्म से कोई विकार हो।
कैसे किया?
वैज्ञानिकों ने मानव स्टेम सेल को मास्टर सेल बनाकर इन्हें कार्टिलेज सेल में बदला। प्रयोगशाला में बने इस कार्टिलेज को छोटी गेंद की शक्ल दी गई। फिर इसे मानव कान की शक्ल देने के लिए प्लास्टिक बैग में रखकर चूहे की पीठ पर लगाया गया। दो माह में यह बैग घुल गया और चूहे की पीठ पर आदमी के कान उग आए।
कैसे है बेहतर?
वैज्ञानिकों का कहना है कि अन्य चीजों के अलावा इसके जीवित अंग होने की वजह से इसे ट्रांसप्लांट करना बेहतर होगा। दूसरी बात यह कि इन सबके लिए मानव सेल की बहुत थोड़ी मात्रा की जरूरत होगी। वैसे, इस तरह की टेक्नोलॉजी पर पहले से काम हो रहा है। चूहे के शरीर पर तो नहीं, लेकिन लंदन में डॉक्टरों ने आदमी के हाथ पर नाक बनाने में सफलता हासिल की है।