डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। पूर्व मिस स्विट्जरलैंड बीट्रिस केउल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर 1993 में न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में उनके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस घटना को बेहद क्रूर बताया है। उनका यह बयान डेमोक्रेट्स की एक नई रिपोर्ट में शामिल है।
हाउस ज्यूडिशियरी कमिटी, जेफ्री एपस्टीन के सेक्स ट्रैफिकिंग रैकेट के साथ ट्रंप के कथित संबंधों की जांच कर रही है। हालांकि, व्हाइट हाउस ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है और इन्हें राजनीतिक रूप से प्रेरित और बेबुनियाद बताया है।
रिपोर्ट में क्या दावा किया गया है
रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना नवंबर 1993 में हुई थी। उस समय मॉडल और फाइनेंशियल सर्विसेज प्रोफेशनल रहीं बीट्रिस केउल को जिल हार्ट ने अटलांटिक सिटी और न्यूयॉर्क में आयोजित 'डोनाल्ड ट्रंप अमेरिकन ड्रीम पेजेंट' में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया था।
उस समय प्लाजा होटल के मालिक ट्रंप थे। केउल के मुताबिक, एक प्रेस लंच के दौरान ट्रंप उनके पास आए और बोले, आखिरकार हम मिल ही गए मिस केउल।
आरोप, सुइट में पहुंचने पर ट्रंप ने किया दुष्कर्म
रिपोर्ट में बताया गया है कि उसी दिन ट्रंप के एक प्रतिनिधि ने केउल से होटल के ऊपरी कमरों में से एक में ट्रंप से मिलने के लिए कहा। वह इस उम्मीद में वहां गईं कि उन्हें अपने करियर और उच्च शिक्षा के लिए मदद मिलेगी। केउल का आरोप है कि सुइट में पहुंचने पर ट्रंप ने पीछे से उन्हें जबरदस्ती पकड़ लिया और उनके साथ दुष्कर्म किया।
वीजा और यूनिवर्सिटी में दाखिले का लालच देने का आरोप
केउल के अनुसार, इस घटना के बाद ट्रंप ने उनसे चुप रहने के लिए कहा। कथित तौर पर उन्होंने कहा, शो चलते रहना चाहिए। केउल ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान उनका पासपोर्ट ले लिया गया था, जिससे वह बुरी तरह डर गईं और सदमे में आ गईं। केउल का आरोप है कि ट्रंप ने उन्हें अमेरिकी वीजा और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में दाखिला दिलाने का लालच दिया था।
जेफ्री एपस्टीन के साथ मुलाकात
रिपोर्ट में जेफ्री एपस्टीन के साथ हुई एक मुलाकात का भी जिक्र है। केउल के मुताबिक, जब ट्रंप कमरे से चले गए, तो एपस्टीन उनके पास आए और बोले, मैं जेफ्री हूं, डॉन (ट्रंप) का सबसे अच्छा दोस्त। उन्होंने दावा किया कि वे उनकी देखभाल कर सकते हैं और उन्हें ट्रंप की मार-ए-लागो एस्टेट में होने वाली पार्टियों में आमंत्रित किया।
इस घटना के बाद, केउल स्विट्जरलैंड लौट गईं। उन्होंने हवाई में एक और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया और बाद में ट्रंप द्वारा फोन पर दिए गए वीजा और शिक्षा के प्रस्ताव को भी ठुकरा दिया।
व्हाइट हाउस ने आरोपों का खंडन किया
व्हाइट हाउस ने इन सभी दावों का कड़ाई से खंडन किया है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने कहा, इनमें से कोई भी आरोप सच नहीं है। यह मानसिक रूप से विचलित डेमोक्रेट्स की एक हताश कोशिश है, जिसका मकसद जनता का ध्यान उस भारी समर्थन से हटाना है जो राष्ट्रपति ट्रंप की ऐतिहासिक उपलब्धियों के कारण रिपब्लिकन पार्टी को मिल रहा है।
प्रवक्ता ने आगे कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने बहुत पहले ही जेफरी एपस्टीन को मार-ए-लागो क्लब से निकाल दिया था और एपस्टीन से जुड़ी किसी भी जांच में राष्ट्रपति को पूरी तरह से दोषमुक्त पाया गया है।
केउल के आरोपों के संबंध में ट्रंप पर किसी अपराध का आरोप नहीं लगाया गया है। यह रिपोर्ट एपस्टीन के साथ उनके संबंधों के दावों की पड़ताल करती है। एपस्टीन पर नाबालिग लड़कियों से जुड़े सेक्स ट्रैफिकिंग रैकेट को चलाने का आरोप था।