
डिजिटल डेस्क। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान अपनी आर्थिक बदहाली और लगातार होने वाली चूक की वजह से एक बार फिर चर्चा में है। इस बार मामला श्रीलंका को भेजी गई राहत सामग्री से जुड़ा है, जिसकी तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की जमकर किरकिरी होने लगी।
बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवाती तूफान ‘दितवाह’ ने श्रीलंका में भारी तबाही मचाई है। बाढ़, तेज बारिश और समुद्री उफान के कारण हालात बेहद खराब हैं। ऐसे समय में पाकिस्तान ने मानवीय मदद के तौर पर कुछ राहत सामग्री भेजी, लेकिन यह ‘मदद’ खुद विवाद का कारण बन गई।
श्रीलंका में मौजूद पाकिस्तान हाई कमीशन ने राहत सामग्री की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं और यह बताते हुए प्रशंसा बटोरने की कोशिश की कि सामान बाढ़ प्रभावित लोगों तक पहुंचा दिया गया है। लेकिन जैसे ही तस्वीरें वायरल हुईं, लोग राहत किट पर लिखी एक्सपायरी डेट को देख भड़क उठे। पैकेट पर ‘अक्टूबर 2024’ की समाप्ति तिथि साफ नजर आ रही थी।
पोस्ट वायरल होते ही सोशल मीडिया पर मीम्स और तंज की बाढ़ आ गई।
एक यूजर ने लिखा- “कचरे को कूड़ेदान में फेंकने के बजाय पाकिस्तान ने एक्सपायर खाना श्रीलंका भेज दिया।”
दूसरे ने कमेंट किया- “क्या थोड़ी भी शर्म बची है?”
कुछ यूजर्स ने इस सामग्री की असलियत पर भी सवाल उठाए और पूछा कि क्या सामान वास्तव में पाकिस्तान से भेजा गया है, क्योंकि पैकिंग पर श्रीलंका में बने बिस्कुट भी दिखाई दे रहे थे।
यह भी पढ़ें- PMO परिसर नहीं अब 'सेवातीर्थ' कहिए... देश के कई राज्यों के राजभवनों का भी बदला नाम
लगातार बढ़ती आलोचना को देखते हुए पाकिस्तान हाई कमीशन ने अपनी पोस्ट सोशल मीडिया से हटा दी। हालांकि तब तक तस्वीरें इंटरनेट पर तेजी से फैल चुकी थीं और पूरे मामले पर पाकिस्तान की जमकर आलोचना जारी है। श्रीलंका की बदहाली के बीच भेजी गई इस विवादित मदद ने न सिर्फ पाकिस्तान पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी छवि पर भी एक और दाग छोड़ दिया है।