
डिजिटल डेस्क। अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया तटीय क्षेत्र में शनिवार सुबह आए 5.0 तीव्रता के भूकंप के चलते लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट (LAX) पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। झटकों के ठीक उस वक्त रनवे पर उतरने की तैयारी कर रहे डेल्टा एयर लाइन्स के एक विमान को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के आपात निर्देश के बाद अपनी लैंडिंग बीच में ही रोकनी पड़ी और विमान को वापस आसमान की ओर मोड़ना पड़ा।
एयरपोर्ट पर चल रही एक लाइवस्ट्रीम फुटेज में इस पूरे घटनाक्रम का रोमांचक और डरावना दृश्य रिकॉर्ड हो गया है। वीडियो में नजर आता है कि जैसे ही धरती कांपनी शुरू होती है, कैमरा तेजी से हिलने लगता है और आसपास खड़ी गाड़ियों के अलार्म एक साथ बजने लगते हैं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने तुरंत सक्रियता दिखाई और रनवे के बेहद करीब पहुंच चुके विमान के पायलटों को लैंडिंग टालने का संदेश दिया।
लाइव फुटेज में कंट्रोल टॉवर से पायलटों को दी गई चेतावनी स्पष्ट सुनाई देती है, जिसमें कंट्रोलर कहता है, "डेल्टा 1972, गो अराउंड (वापस ऊपर जाओ), यहां तेज भूकंप आ रहा है।" इस निर्देश के मिलते ही पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को जमीन पर उतारने के बजाय दोबारा ऊंचाई पर ले जाना शुरू कर दिया, ताकि हालात सामान्य होने पर सुरक्षित लैंडिंग की जा सके। यह विमान डेल्टा फ्लाइट 1972 था।
यह भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलियाई संसद में दिखी अनोखी तस्वीर! 6 माह की बेटी को गोद में लेकर भाषण देती दिखीं सीनेटर फातिमा
फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट 'फ्लाइट अवेयर' के आंकड़ों के मुताबिक, यह उड़ान अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटा 13 मिनट की देरी से चल रही थी। पैसिफिक समय के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे यह भूकंप दर्ज किया गया।
यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप का केंद्र मैनहट्टन बीच से लगभग 5 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में सांता मोनिका की खाड़ी के भीतर 12 से 13 किलोमीटर की गहराई पर था। इसके झटके एयरपोर्ट परिसर सहित पूरे लॉस एंजिल्स क्षेत्र में स्पष्ट रूप से महसूस किए गए।