
डिजिटल डेस्क। ईरान की ओर से अमेरिकी नौसेना के दो अधिकारियों को खुली धमकी दी गई है। दक्षिण अफ्रीका में ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इन अधिकारियों पर फरवरी के संघर्ष के दौरान मिनाब के एक स्कूल पर हुए हमले का आरोप लगाया है। ईरान के अनुसार इस हमले में 168 लोगों की जान गई थी।
दूतावास ने करीब आठ महीने पहले की अपनी एक पोस्ट को दोबारा साझा करते हुए लिखा, 'हम तुम्हें ढूंढ निकालेंगे।' उसने जिन दो अधिकारियों का नाम लिया, वे हैं USS स्प्रांस के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर ली आर टेट और उसी युद्धपोत के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर लेफ्टिनेंट कमांडर जेफ्री ई यॉर्क। 29 मार्च की मूल पोस्ट में दूतावास ने इन्हें 'अपराधी' बताते हुए दावा किया था कि इन्होंने तीन बार टोमाहॉक मिसाइलें दागने का आदेश दिया था।
खबर के अनुसार, फरवरी में ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के युद्ध की शुरुआत के समय एक अमेरिकी मिसाइल मिनाब के शजरे तैय्यबेह स्कूल पर गिरी थी। इसमें कम से कम 168 लोग मारे गए, जिनमें 123 बच्चे थे। यह जानकारी ईरानी पक्ष के बयान पर आधारित है।
यह भी पढ़ें- ललित मोदी बने ब्रिटिश नागरिक, पूर्व IPL चेयरमैन ने तस्वीरें साझा कर लिखा- यह मेरे लिए गर्व का पल
यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की उस चेतावनी के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने तेहरान को अमेरिकी अधिकारियों पर हमला न करने को कहा था। एक हालिया इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा था कि अगर किसी वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी की हत्या हुई तो ईरान का अस्तित्व ज्यादा समय तक नहीं बचेगा।
इस बीच खबर में कहा गया है कि तेहरान से जुड़ी लगातार मिल रही जान से मारने की धमकियों के कारण अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट को वाशिंगटन के उनके आवास से हटाकर एक सैन्य अड्डे पर ले जाया गया है।