
डिजिटल डेस्क, न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के सत्र में हिस्सा लेने न्यूयोर्क पहुंचे भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने आतंकवाद के मुद्दे पर एक पाकिस्तानी पत्रकार को सख्त जवाब दिया है। लाइबेरिया की विदेश मंत्री सारा बेयसोलोव न्यांती के साथ समुद्री सुरक्षा जैसे अहम विषय पर प्रेस वार्ता के दौरान यह वाकया पेश आया।
कार्यक्रम के समापन पर एक पाकिस्तानी पत्रकार ने अचानक खड़े होकर जोर-शोर से सवाल दागा कि भारत सरकार पाकिस्तान में कथित आतंकवाद को बढ़ावा देना कब बंद करेगी? इस पर भारतीय विदेश मंत्री ने बिना किसी झिझक के कड़ा प्रहार करते हुए कहा, "एक ऐसा देश जो खुद आतंकवाद की जननी है और इसे पनाह देता है, वह मुझसे यह सवाल पूछ रहा है।"
यह भी पढ़ें- 'ग्लोबल सोच अपनाएं और भारत को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दें...', IIM रायपुर के दीक्षांत समारोह में बोले एस जयशंकर
इसके बाद, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि हरीश पर्वतनेनी ने स्थिति को संभालते हुए पत्रकार से कहा कि उन्हें उनका उत्तर स्पष्ट और तेज आवाज में मिल चुका है, इसलिए अब किसी अन्य स्पष्टीकरण की आवश्यकता नहीं है। उल्लेखनीय है कि विदेश मंत्री एस जयशंकर यूएन महासभा के वार्षिक सत्र को संबोधित करने के लिए इस समय अमेरिका दौरे पर हैं।