
डिजिटल डेस्क। श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे की पत्नी और पूर्व प्रथम महिला शिरंथी राजपक्षे को धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले में बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई उनके एनजीओ 'ओसिरलिया सवियाओ' के बैंक खाते से जुड़े मामले में की गई है, जिसमें उन पर सरकारी बैंक से ली गई रकम के कथित गबन का आरोप है।
73 वर्षीय शिरंथी को रिश्वत और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच करने वाले आयोग के अधिकारियों ने कोलंबो के पोल्हेंगोडा स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया। गौरतलब है कि स्वास्थ्य कारणों के चलते वह कुछ दिनों से सिंगापुर में थीं और सोमवार को ही अपना इलाज पूरा कराकर श्रीलंका वापस लौटी थीं।
गिरफ्तारी से बचने के लिए शिरंथी की कानूनी टीम ने बुधवार सुबह ही पुलिस के वित्तीय अपराध प्रभाग (एफसीडी) की संभावित कार्रवाई को रोकने के लिए अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। इससे पहले, मंगलवार को एफसीडी ने उन्हें नोटिस जारी कर 13 अक्टूबर को पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश दिया था, लेकिन इसके पहले ही जांच आयोग ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
जांच आयोग के मुताबिक, शिरंथी राजपक्षे पर आरोप है कि उन्होंने एक सरकारी बैंक से एक करोड़ (10 मिलियन) श्रीलंकाई रुपये की भारी-भरकम राशि ली और उसका कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया। इस गड़बड़ी को लेकर उनके खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति अधिनियम (पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट) और भ्रष्टाचार से जुड़े सख्त कानूनों के उल्लंघन के तहत यह कार्रवाई की गई है।
यह भी पढ़ें- 450 करोड़ का हाईटेक रेलवे स्टेशन बना मवेशियों का ठिकाना, रानी कमलापति स्टेशन पर बेखौफ घूमती दिखीं भैंसें