
डिजिटल डेस्क, पेशावर। पाकिस्तान का खैबर पख्तूनख्वा प्रांत शुक्रवार को एक आत्मघाती हमले से दहल गया। इस हमले को उस समय अंजाम दिया गया, जब एक मस्जिद में जुमे की नमाज अदा की जा रही थी। इसमें 16 लोगों की जान चली गई और 50 से ज्यादा घायल हो गए।
विस्फोट इतना भीषण था कि मस्जिद के बाहर गड्ढा हो गया और मस्जिद की छत ढह गई। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट प्रांत की राजधानी पेशावर से लगभग 60 किलोमीटर दूर कोहाट जिले में स्थित पुरानी पुलिस लाइन के समीप बनी मस्जिद में हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक हमलावर ने विस्फोटक लदे वाहन को मस्जिद परिसर से टकरा दिया था। इसके बाद बंदूकधारियों ने गोलीबारी की। प्रांतीय पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हमीद ने कहा कि मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान हुए आत्मघाती विस्फोट में पांच पुलिसकर्मियों समेत 16 लोगों की मौत हो गई।
उन्होंने बताया, 'वाहन को मस्जिद के मुख्यद्वार से टकराया गया और फिर विस्फोट हुआ। इसके बाद गोलीबारी भी हुई। आतंकियों के साथ गोलीबारी के दौरान विशेष शाखा की एक इमारत में भी आत्मघाती धमाका हुआ।' एक कम चर्चित आंतकी संगठन इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
समाचार चैनल जियो न्यूज ने जिला मुख्यालय अस्पताल के एमएस ताहिर अली शाह के हवाले से बताया कि विस्फोट के बाद अस्पताल में 15 शव लाए गए, जबकि 50 से अधिक घायलों को भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि घायलों में ज्यादातर नमाजी हैं।
इधर, पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना पर दुख व्यक्त किया और देश में विदेश प्रायोजित आतंकियों का पूरी तरह सफाया करने का वादा किया।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ वर्षों के दौरान पाकिस्तान में विशेष रूप से खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में आतंकी गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है।